101 दीप जलाकर विधायक अरुण मांझी ने नीतीश कुमार के प्रति जताया सम्मान
सुशासन के संकल्प को दोहराया
सुशासन दिवस की पूर्व संध्या पर एकतापुरम में दीपोत्सव, विकास और सामाजिक न्याय की यात्रा को किया नमन
फुलवारी शरीफ, अजीत। सुशासन दिवस की पूर्व संध्या पर जनता दल यूनाइटेड के घोषित कार्यक्रम के तहत मसौढ़ी विधायक अरुण मांझी ने छत्रपति शिवाजी ग्रीन्स, एकतापुरम स्थित अपने कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ 101 दीप प्रज्वलित कर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। दीपोत्सव के माध्यम से सुशासन, विकास, सामाजिक न्याय और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर विधायक अरुण मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार का राजनीतिक जीवन और बिहार के विकास में उनका योगदान सुशासन, जनविश्वास और सामाजिक परिवर्तन की महत्वपूर्ण मिसाल है। उनके नेतृत्व में बिहार में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, कानून-व्यवस्था और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। गरीब, वंचित, दलित, पिछड़े और कमजोर वर्गों को सम्मान, अवसर तथा विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास बिहार की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार बने हैं।

उन्होंने कहा कि 101 दीपों का यह प्रकाश केवल श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि सुशासन की विचारधारा, विकास की निरंतरता और जनसेवा के संकल्प का संदेश भी है। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर बिहार की सुख-समृद्धि, सामाजिक सद्भाव, निरंतर प्रगति और जनकल्याण की कामना की। साथ ही सुशासन के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता का माहौल देखने को मिला।



