एम्स पटना में संविधान दिवस पर गूंजा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का संदेश
डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों ने किया संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ, मरीजों के साथ भेदभाव रहित व्यवहार और संवेदनशील जनसेवा का लिया संकल्प
फुलवारी शरीफ, अजीत: संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को एम्स पटना में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया। इस दौरान संस्थान के विभिन्न विभागों में डॉक्टरों, नर्सों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना पढ़कर उसमें निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को अपने जीवन एवं कार्यसंस्कृति में अपनाने का संकल्प लिया।
संस्थान के प्रशासनिक भवन में कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उप निदेशक (प्रशासन) नीलोत्पल बल भी उपस्थित रहे। वहीं, चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. प्रशांत कुमार सिंह ने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाई। इसके अलावा संस्थान के विभिन्न विभागों में विभागाध्यक्षों के नेतृत्व में भी संविधान दिवस मनाया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि संविधान के आदर्श केवल किताबों और दस्तावेजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका प्रतिबिंब हमारे व्यवहार, कार्यशैली और जनसेवा में भी दिखना चाहिए। संविधान की वास्तविक ताकत उसके मूल्यों को अपनाने और दैनिक जीवन में उतारने में है।
वक्ताओं ने कहा कि एम्स जैसे बड़े सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थान में संविधान के आदर्शों का विशेष महत्व है। प्रत्येक मरीज के साथ समान व्यवहार करना, उसकी गरिमा का सम्मान करना और बिना किसी भेदभाव के बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना संवैधानिक मूल्यों का हिस्सा है। स्वास्थ्य सेवाओं में संवेदनशीलता, समानता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाना प्रत्येक स्वास्थ्यकर्मी की जिम्मेदारी है।
गौरतलब है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान के निर्माण में 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिन लगे थे। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ। वर्ष 2015 से प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य नागरिकों को संविधान के महत्व, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है।



