संविधान दिवस और नशा मुक्ति दिवस पर बच्चों को किया जागरूक
प्राथमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी में संविधान की प्रस्तावना का पाठ, बच्चों और शिक्षकों ने नशे से दूर रहने का लिया संकल्प
फुलवारी शरीफ, अजीत: प्राथमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी, फुलवारी शरीफ में गुरुवार को संविधान दिवस एवं नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी गई। साथ ही नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद किया गया। शिक्षकों एवं बच्चों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। बच्चों को बताया गया कि भारतीय संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान करता है। संविधान का सम्मान करना और अपने कर्तव्यों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
वहीं, नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर बच्चों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बताया गया। शिक्षकों ने कहा कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है।
इस अवसर पर शिक्षकों, बच्चों एवं अभिभावकों ने स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
शिक्षिका नीतू शाही ने कहा कि संविधान का सम्मान करना और नशामुक्त समाज का निर्माण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को बचपन से ही अच्छे संस्कार और सकारात्मक आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहिए, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बन सकें।



