संपतचक के शेखपुरा-पिपरा में क्षतिग्रस्त पुल का जल्द होगा पुनर्निर्माण
दो साल से टूटे पुल के कारण ग्रामीणों को हो रही परेशानी, विधायक डॉ. रामानंद यादव ने जिला स्तरीय बैठक में उठाया मामला; विभाग ने जल्द काम शुरू कराने का दिया आश्वासन
फुलवारी शरीफ, अजीत: संपतचक नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या दो स्थित शेखपुरा-पिपरा में बादशाही पईन पर क्षतिग्रस्त पुल का जल्द पुनर्निर्माण कराया जाएगा। गुरुवार को पटना समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में फतुहा विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. रामानंद यादव ने पुल निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। बैठक की अध्यक्षता बिहार के उप मुख्यमंत्री सह पटना जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी ने की।
बैठक में विधायक डॉ. रामानंद यादव ने बताया कि शेखपुरा-पिपरा के पास बसई नाला पर बना पुराना पुल करीब दो साल पहले ध्वस्त हो गया था। पुल टूटने के कारण आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह पुल स्थानीय लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण साधन था।
इस पर ग्रामीण कार्य विभाग, पटना के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि बादशाही पईन में फिलहाल पानी का स्तर अधिक है। पानी कम होने के बाद पुल निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। इस पर विधायक ने कहा कि बादशाही पईन में सालों भर नाले का पानी बहता रहता है और पानी का स्तर कभी पूरी तरह कम नहीं होता। ऐसे में पानी कम होने का इंतजार करने से निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी होगी।
विधायक ने विभाग से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि दो साल से पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसलिए इस समस्या का जल्द समाधान जरूरी है।
विधायक के आग्रह पर ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता ने आश्वासन दिया कि पुल का पुनर्निर्माण जल्द शुरू कराया जाएगा। विभाग के इस आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या से जल्द राहत मिलेगी।
पुल का निर्माण पूरा होने से शेखपुरा-पिपरा सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी।



