बिहार के पहले स्किन बैंक को मंजूरी, एम्स पटना को मिलेंगे 3.07 करोड़ रुपये
स्वास्थ्य क्षेत्र की बड़ी पहल
गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज, त्वचा दान से बचाई जा सकेगी जान; पूर्वी भारत के मरीजों को भी होगा लाभ
बिहार में गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के इलाज को नई सुविधा मिलने जा रही है। राज्य सरकार ने एम्स पटना के बर्न्स सेंटर में बिहार का पहला स्किन बैंक स्थापित करने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 3.07 करोड़ रूपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इससे राज्य में आधुनिक बर्न केयर सुविधाओं का विस्तार होगा और गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
स्किन बैंक की स्थापना से गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के उपचार में दान की गई मानव त्वचा का उपयोग किया जा सकेगा। खासकर उन मरीजों के लिए यह सुविधा महत्वपूर्ण होगी, जिनके शरीर का बड़ा हिस्सा जल जाता है। ऐसे मरीजों में त्वचा की कमी के कारण संक्रमण और शरीर से तरल पदार्थों के अत्यधिक नुकसान का खतरा रहता है। दान की गई त्वचा को अस्थायी रूप से घावों पर लगाने से इन समस्याओं को कम करने में मदद मिलती है।
प्रस्तावित स्किन बैंक में मानव त्वचा के संग्रह, प्रसंस्करण, संरक्षण और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था विकसित की जाएगी। मृत्यु के बाद स्वेच्छा से दान की गई त्वचा को निर्धारित चिकित्सकीय प्रक्रियाओं के तहत प्राप्त कर सुरक्षित रखा जाएगा। इसके लिए आधुनिक उपकरणों की खरीद और विशेष आधारभूत संरचना तैयार की जाएगी।
भारत में जलने की घटनाएं एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती हैं। ऐसे में गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को समय पर उपचार, संक्रमण से बचाव और घावों को ढकने के लिए उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। स्किन बैंक की स्थापना से मरीजों को उपचार का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
इस पहल की घोषणा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसी वर्ष जुलाई में एम्स पटना के बर्न्स सेंटर के दौरे के दौरान की थी। अब राज्य सरकार से 3.07 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना को धरातल पर उतारने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।
एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर बर्न्स एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग की टीम और विभागाध्यक्ष डॉ. वीणा कुमारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिहार के पहले स्किन बैंक की स्थापना राज्य में आधुनिक बर्न केयर सेवाओं को नई दिशा देगी। यह सुविधा बिहार के साथ-साथ पूर्वी भारत के मरीजों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
स्किन बैंक की स्थापना से एम्स पटना में गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के उपचार की क्षमता बढ़ेगी। साथ ही त्वचा दान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। समय पर दान की गई त्वचा उपलब्ध होने से कई गंभीर मरीजों के उपचार में नई उम्मीद जगेगी।



