डेंटल क्लीनिक से मोबाइल चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर
फुलवारी शरीफ: संपतचक प्रखंड मुख्यालय के सामने स्थित एक डेंटल क्लीनिक से युवक मोबाइल चोरी कर फरार हो गया. चोरी की पूरी घटना क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. क्लीनिक संचालक राजकुमार ने घटना की जानकारी मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाला, जिसमें युवक की गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं. घटना के वक्त डेंटल क्लीनिक के संचालक कहीं बाहर गया हुआ था
सीसीटीवी फुटेज में भगवा रंग की गंजी, पैंट और गमछा लिए एक युवक क्लीनिक में दाखिल होता दिखाई दे रहा है. वह काफी देर तक क्लीनिक के अंदर बैठा रहा. मौका मिलते ही युवक ने मोबाइल उठाकर अपनी जेब में रख लिया और आराम से क्लीनिक से निकलकर फरार हो गया.
घटना के बाद आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए, लेकिन आरोपी किस रास्ते से फरार हुआ, इसका पता नहीं चल सका. मामले को लेकर गोपालपुर थाना में अज्ञात चोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है.
पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर मोबाइल लेकर फरार हुए युवक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में युवक का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है और जल्द ही उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा.



