नशे में बेटे ने मां और सास को पीटा, चार साल की बच्ची को घर में किया बंद
फुलवारी शरीफ, अजीत। गोपालपुर थाना क्षेत्र के सोना गोपालपुर में गुरुवार को नशे की हालत में एक युवक द्वारा अपनी मां और सास के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने दोनों महिलाओं को लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से पीटा। गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं को इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है।
बताया गया कि मारपीट के बाद दोनों महिलाएं किसी तरह घर से बाहर निकलीं और सड़क पर गिर पड़ीं। उन्हें घायल अवस्था में देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि आरोपित राजपाल यादव, पिता बद्री यादव ने अपनी चार साल की बच्ची को भी घर के अंदर बंद कर रखा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार और गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद पुलिस ने आरोपित राजपाल यादव को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया आरोपित नशे का आदी और मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता और रोकथाम की जरूरत बताई।



