राज्यपाल का बड़ा संदेश: शिक्षा से बदलेगा मुसहर समुदाय का भविष्य। दानापुर में शोषित सेवा संघ का 20वां स्थापना दिवस
दानापुर। बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने गुरुवार को दानापुर के उड़ान टोला स्थित शोषित सेवा संघ के शोषित समाधान केंद्र में 20वें संस्थापक एवं स्थापना दिवस समारोह का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से मुसहर समुदाय के बच्चों के जीवन में सामाजिक परिवर्तन लाने का मिशन चलाया जा रहा है।

राज्यपाल ने संस्था की सराहना करते हुए कहा कि यहां के विद्यार्थी आज पटना के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों के छात्रों के साथ प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम हैं। उन्होंने पद्मश्री स्वर्गीय जे.के. सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए संस्था के अध्यक्ष श्रीवर्धन सिन्हा के नेतृत्व की भी प्रशंसा की।
समारोह में छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और शैक्षणिक मॉडल प्रस्तुत किए। राज्य के 38 जिलों से आए अभिभावकों, समुदाय के नेताओं और समर्थकों ने कार्यक्रम में भाग लिया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुषमा पांडे ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया।



