भूमि विवाद मे गोली मारकर युवक की हत्या
पटना से अजीत कुमार की रिपोर्ट
ससुराल इलाके के बाईपास के पास मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम.
बीमार पत्नी और दो छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल.
फुलवारी शरीफ: बेउर थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. युवक का शव बाईपास किनारे निदान अस्पताल के पास संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान नत्थूपुर निवासी आनंद कुमार, पिता सतीश राय, के रूप में हुई है. वह मूल रूप से नत्थूपुर गांव का रहने वाला था, लेकिन पिछले कुछ समय से अपनी ससुराल हरिणीचक में रह रहा था.
जानकारी के अनुसार शनिवार करीब 11 बजे स्थानीय लोगों ने बाईपास किनारे एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी. सूचना मिलते ही बेउर थाना पुलिस मौके के लिए रवाना हुई. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन शव को अपने साथ लेकर घर चले गए. इसके बाद पुलिस छानबीन करते हुए हरिणीचक स्थित ससुराल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स पटना भेज दिया.
बताया जाता है कि आनंद कुमार के सिर के पिछले हिस्से में सटाकर गोली मारी गई थी. गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही बेउर थाना अध्यक्ष और फुलवारी डीएसपी-1 सुशील कुमार भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी.
मृतक के चचेरे भाई ने हत्या के पीछे जमीन विवाद को वजह बताया है. उनका आरोप है कि गोटिया पोटा
ली राय और राजू राय के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी रंजिश में आनंद कुमार की हत्या की गई है. परिजनों ने मामले में कुछ लोगों को नामजद करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
फुलवारी डीएसपी-1 सुशील कुमार ने बताया कि युवक के कान के पीछे सर में सटकर गोली मारने का निशान मिला है. पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है. घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर अनुसंधान किया जा रहा है.
डीएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि आनंद कुमार पहले एक कोरियर कंपनी में कार्यरत था. नालंदा जिले में कोरियर कंपनी से जुड़ी लूटपाट के एक मामले में वह जेल भी जा चुका था. करीब छह से सात माह पूर्व वह जेल से छूटकर बाहर आया था. फिलहाल वह जमीन के कारोबार से जुड़ा हुआ था.
घटना के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उसकी पत्नी लंबे समय से बीमार बताई जा रही है, जबकि दो छोटे बच्चे पिता की मौत से बेसहारा हो गए हैं. घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है.पुलिस को परिवार के लोगों ने बताया कि सुबह स्कूटी से आनंद कहीं निकला था उसके बाद उसकी हत्या की खबर मिली .परिजन यह स्पष्ट नहीं बता पा रहे हैं कि आखिर किन लोगों ने हत्या की लेकिन जमीन विवाद गोतिया परिवार से चल रहा था उन लोगों पर आरोप लगा रहे है कि उन लोगों ने ही हत्या कराई है
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.



