कायस्थ समाज को सम्राट सरकार के मंत्रिमंडल में उचित भागीदारी देने की मांग
फुलवारी शरीफ, अजीत: कायस्थ चित्रगुप्त सेना बिहार प्रदेश की एक महत्वपूर्ण बैठक सेनाध्यक्ष पाण्डेय अखिलेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में वंशी कुंज, कदमकुआं पटना में आयोजित की गई. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कायस्थ महापरिवार को संगठित करने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाकर लोगों को संगठन से जोड़ा जाएगा.
बैठक को संबोधित करते हुए सेनाध्यक्ष पाण्डेय अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जनसंघ से लेकर भाजपा तक कायस्थ समाज ने हमेशा शत-प्रतिशत समर्थन दिया, लेकिन इसके बावजूद समाज को उचित राजनीतिक सम्मान और भागीदारी नहीं मिली. उन्होंने कहा कि पहली बार केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी कायस्थ समाज को प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया और अब बिहार में सम्राट सरकार के मंत्रिमंडल में भी समाज की उपेक्षा की गई है.
उन्होंने कहा कि 2020 विधानसभा चुनाव में कायस्थ समाज के विधायक घटकर तीन रह गए और 2025 चुनाव में भी दो सिटिंग विधायकों का टिकट काट दिया गया. वर्तमान में भाजपा से विधानसभा में एक भी कायस्थ विधायक नहीं है. उन्होंने मांग की कि सम्राट सरकार के मंत्रिमंडल में कायस्थ समाज के प्रतिनिधि को शामिल कर उचित भागीदारी सुनिश्चित की जाए.
सेनाध्यक्ष ने कहा कि कायस्थ समाज किसी दल का बंधुआ वोटर नहीं है. जो पार्टी समाज को सम्मान और राजनीतिक भागीदारी देगी, समाज उसका समर्थन करेगा. उन्होंने कुम्हरार विधानसभा में कायस्थ विधायक का टिकट काटे जाने पर भी नाराजगी जताई और कहा कि शहरी क्षेत्रों में कायस्थ मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं.
बैठक में अधिवक्ता अमिताभ ऋतुराज, सुधांशु भूषण, प्रमिला वर्मा, नवल किशोर, संजीव कर्ण, रौशन प्रियदर्शी समेत बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग मौजूद रहे.



