BiharENTERTAINMENTGamesLife StylePatnaTech

सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों पर आधारित नाटक ने किया जागरूक

मदर्स डे पर दिया बेटियों की सुरक्षा का संदेश.

फुलवारी शरीफ, मदर्स डे के अवसर पर सर्वमंगला सांस्कृतिक मंच द्वारा वाल्मी, फुलवारी शरीफ में सामाजिक जागरूकता पर आधारित नाटक “अपनी आजादी को गुलामी की बेड़ियों में नहीं डालें” का प्रभावशाली मंचन किया गया. नाटक का लेखन महेश चौधरी तथा निर्देशन मिथिलेश कुमार पांडे ने किया.
नाटक के माध्यम से समाज में बेटियों को मिली शिक्षा, स्वतंत्रता और आत्मनिर्भरता के सकारात्मक पहलुओं को दर्शाते हुए यह संदेश दिया गया कि आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया का गलत उपयोग युवाओं को भटकाव की ओर ले जा सकता है. प्रस्तुति में दिखाया गया कि कुछ युवा मोबाइल, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसी सोशल मीडिया गतिविधियों के प्रभाव में आकर गलत संगत और असुरक्षित रिश्तों का शिकार हो रहे हैं, जिसके कारण वे शोषण और अन्य अपराधों की चपेट में आ जाते हैं.
कलाकारों ने यह भी संदेश दिया कि सोशल मीडिया पर बढ़ती अश्लील और भ्रामक सामग्री का दुष्प्रभाव समाज, परिवार और बच्चों पर पड़ रहा है. नाटक के जरिए अभिभावकों और युवाओं से संयम, जागरूकता और संस्कारों के साथ जीवन जीने की अपील की गई.
मदर्स डे के अवसर पर यह संदेश भी दिया गया कि हर मां अपनी बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और खुशहाल भविष्य की कामना करती है तथा समाज को बेटियों के लिए सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण बनाने की दिशा में आगे आना चाहिए.
नाटक में महेश चौधरी, मिथिलेश कुमार पांडे, कामेश्वर प्रसाद, करण Kumar, श्वेता, रंजन, प्रिया, प्रमोद, अंकित, राकेश, अंशी, श्रीकांत, सक्षम, क्रिशू एवं शोएब कुरैशी ने अभिनय कर दर्शकों को भावुक और जागरूक करने का प्रयास किया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button