1.27 करोड़ की सड़क एवं नाला निर्माण योजना का हुआ शिलान्यास
फुलवारी शरीफ, फुलवारी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद फुलवारी शरीफ के वार्ड संख्या-11 एवं 12 में मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत 1 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला निर्माण कार्य का शुक्रवार को विधायक श्याम रजक ने शिलान्यास किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद चेयरमैन आफताब आलम ने की.
वार्ड संख्या-11 में साकेत बिहार मोड़ से ज्ञान ज्योति स्कूल होते हुए शिवनारायण चौक से रामसेवक शर्मा के मकान तक 61 लाख रुपये की लागत से पीसीसी सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा. वहीं वार्ड संख्या-12 में पेठिया बाजार स्थित ईश्वरी सिंह के गोदाम से रानीपुर पुल तक 66 लाख रुपये की लागत से पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला निर्माण होगा.
शिलान्यास समारोह में विधायक श्याम रजक ने कहा कि सड़क विकास की रीढ़ होती है और यह केवल सड़क नहीं बल्कि जनता के विश्वास की नींव है. उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले सड़क एवं नाला निर्माण का जो वादा किया गया था, उसे अब पूरा किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि बाजार जाने वाली महिलाओं, नौकरीपेशा लोगों एवं आम नागरिकों को खराब सड़क के कारण काफी परेशानी होती थी, जो अब दूर होगी. विधायक ने बताया कि जल्द ही साकेत बिहार मोड़ पर हाईमास्ट लाइट भी लगाई जाएगी. साथ ही बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.
कार्यक्रम का संचालन रामसेवक शर्मा ने किया. इस मौके पर नगर परिषद महानगर अध्यक्ष मो. मिनहाज आलम, गुड्डु रजक, सुभाष नारायण, बद्री नारायण, पप्पू चांद, राम सेवक शर्मा,रमेश प्रसाद यादव समेत जदयू के कई नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे.



