मकई के खेत में करंट लगने से महिला की मौत, ग्रामीणों ने किया हंगामा
फुलवारी शरीफ, फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के शाहपुर ढिबरा गांव में आंधी-बारिश के दौरान करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान रीता देवी (40 वर्ष), पति स्व. बलदेव माझी के रूप में हुई है.
बताया जाता है कि गांव निवासी महेंद्र सिंह ने अपने मकई के खेत में करंट प्रवाहित तार लगा रखा था. तेज आंधी और बारिश के दौरान खेत में करंट फैल गया. इसी बीच रीता देवी की बकरी खेत में चली गई. बकरी निकालने के लिए जैसे ही वह खेत में पहुंची, करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे. सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस मौके पर पहुंची. ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर परसा बाजार थाना पुलिस भी पहुंची, लेकिन जांच में पता चला कि घटनास्थल फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में पड़ता है.
परसा बाजार थाना अध्यक्ष मेनका रानी ने बताया कि घटना फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र की है और इसकी सूचना संबंधित थाना को दे दी गई है. वहीं फुलवारी शरीफ थाना अध्यक्ष मोहम्मद शाहबाज आलम ने बताया कि पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है. साथ ही ग्रामीणों को शांत कराया गया है और नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जायेगी.



