BiharCrimeENTERTAINMENTLife StylePatnaTravel

स्कॉर्पियो-इनोवा की आमने-सामने भिड़ंत में पांच घायल,

नेशनल हाईवे 139 पर रफ्तार का कहर, चीख-पुकार के बीच बचाव अभियान


कई घायलों का एम्स पटना में चल रहा उपचार

फुलवारी शरीफ: पटना-औरंगाबाद मार्ग स्थित नेशनल हाईवे 139 पर मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई जब जानीपुर थाना क्षेत्र के नकटी भवानी मंदिर के पास स्कॉर्पियो और इनोवा कार के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई. तेज रफ्तार में हुई इस जोरदार भिड़ंत में दोनों गाड़ियों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और वाहन के अंदर बैठे लोग बुरी तरह फंस गए. हादसे में पांच लोगों के घायल होने की सूचना है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय दोनों वाहन तेज गति में पटना-औरंगाबाद मार्ग से गुजर रहे थे. जैसे ही गाड़ियां नकटी भवानी मंदिर के समीप पहुंचीं, संतुलन बिगड़ने के कारण दोनों के बीच सीधी टक्कर हो गई. टक्कर की भयावह आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर दौड़ पड़े. मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि दोनों वाहनों में सवार लोग अंदर फंसे हुए थे और मदद के लिए चीख-पुकार कर रहे थे.
घटना की सूचना मिलते ही जानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया. क्षतिग्रस्त वाहनों को तोड़कर और दरवाजे खोलकर अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला गया. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों की सक्रियता और पुलिस की तत्परता से बड़ा हादसा और जानमाल के नुकसान को टाला जा सका.
घायलों को तत्काल अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया. तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए एम्स पटना भेजा गया, जिनकी पहचान रामाशीष बैठा, पिता नरेश बैठा, निवासी केनहर, रिजवान अनवर, पिता अलाउद्दीन अंसारी, निवासी बिबरा तथा सलामत अंसारी, पिता जहूर अंसारी, निवासी बिबरा, जिला रोहतास के रूप में हुई है. वहीं दो अन्य घायलों सच्चिदानंद सिंह, निवासी पलामू, झारखंड तथा विनोद कुमार सिंह, निवासी राजपोट नगर, जिला वैशाली का इलाज गंगाराम अस्पताल में चल रहा है. सभी घायलों की हालत पर डॉक्टरों की नजर बनी हुई है.
हादसे के बाद कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे 139 पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की कतारें लग गईं. हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कराया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है. फिलहाल दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की गहन जांच की जा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button