BiharCrimeENTERTAINMENTLife StylePatna

स्वर्गीय कबीर मुखिया के घर में चोरी, बीमार गृहस्वामी को लगा था सलाइन, सीसीटीवी में कैद चोर

फुलवारी शरीफ, फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के लाल मियां की दरगाह संगी मस्जिद इलाके में सोमवार की आधी रात एक पुराने हवेलीनुमा घर में दुस्साहसिक चोरी की वारदात सामने आई है. हैरानी की बात यह है कि घर में उस वक्त मुखिया जी (स्व. कबीर मुखिया) के पुत्र सैयद अहमद शरीफ उर्फ बाबू भाई बीमार हालत में सलाइन पर थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे. इसी बीच बदमाश चारदीवारी फांदकर छत के रास्ते घर में घुस गए, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चोर आधी रात दीवार पार कर अंदर प्रवेश करते दिख रहा है.
जानकारी के अनुसार, यह घर काफी पुराना और हवेली जैसा है, जिसके परिसर में आम का पेड़ भी मौजूद है. चोर आराम से घर के अंदर घुसे और छत पर रखे करीब 50 किलोग्राम लोहे के छड़ को उठा ले गए. इसके साथ ही घर के भीतर लगे आम के पेड़ से करीब 60 से 70 किलोग्राम मालदह आम भी तोड़कर ले गए. इतनी बड़ी चोरी के बावजूद किसी को भनक तक नहीं लगी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है.
पीड़ित सैयद अहमद शरीफ, जो फुलवारी शरीफ बाजार में महत्वाना के पास मीनार क्लॉथ नाम से कपड़े की दुकान चलाते हैं, ने बताया कि घटना की लिखित शिकायत उन्होंने थाना में दी है. बावजूद इसके अब तक न तो कोई पुलिस टीम मौके पर पहुंची, न ही डॉग स्क्वॉड या एफएसएल टीम को बुलाया गया है. यहां तक कि किसी अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण करना भी जरूरी नहीं समझा.
उन्होंने यह भी बताया कि वह पटना हाईकोर्ट के चर्चित जज रहे स्व. सैयद नैयर हुसैन के चचेरे भाई हैं, इसके बावजूद पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होना कई सवाल खड़े करता है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस की यह उदासीनता अपराधियों का मनोबल बढ़ा रही है. लोगों में भारी आक्रोश है कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी पुलिस की निष्क्रियता समझ से परे है.
इलाके के निवासियों ने मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द जांच कर चोरी का खुलासा किया जाए और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की जाए. फिलहाल यह घटना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है.

थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि चोरी का आवेदन मिला है. चोरों का पता लगाने के लिए कारवाई की जा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button