सुधा डेयरी गेट पर मजदूरों की हुंकार, 9 सूत्री मांगों को लेकर अंबेडकर जयंती पर जोरदार प्रदर्शन.
फुलवारी शरीफ, ऐक्टू से संबद्ध पटना जिला निजी वाहन चालक एवं कर्मचारी यूनियन से जुड़े सुधा डेयरी के सैकड़ों मजदूरों ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती को गेट मीटिंग कर मनाया और 10 माह से लंबित 9 सूत्री मांगों को पूरा करने की जोरदार मांग उठाई.
सुधा डेयरी मुख्य गेट पर आयोजित इस कार्यक्रम में मजदूरों ने “संविधान-लोकतंत्र जिंदाबाद”, “संगठित हो-संघर्ष करो” और “सुधा डेयरी प्रबंधन मनमानी बंद करो, 9 सूत्री मांगें पूरी करो” जैसे नारे लगाए.
गेट मीटिंग में सैकड़ों मजदूरों को संबोधित करते हुए माले एलएलसी सह स्कीम वर्कर्स नेत्री शशि यादव ने अंबेडकर के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठित संघर्ष के जरिए ही मजदूर अपनी मांगों को हासिल कर सकते हैं.
उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि प्रबंधन जल्द वार्ता कर मांगों को पूरा नहीं करता है तो इस मुद्दे को सदन से लेकर सड़क तक उठाया जाएगा.
ऐक्टू राज्य सचिव सह यूनियन अध्यक्ष रणविजय कुमार ने डेयरी प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रबंधन पिछले 10 महीनों से मजदूरों की मांगों पर वार्ता से बच रहा है.
उन्होंने कहा कि देश और दुनिया में मजदूरों के बड़े आंदोलनों से सबक लेते हुए प्रबंधन को जल्द मांगें पूरी करनी चाहिए.
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अविलंब वार्ता कर मांगों का समाधान नहीं किया गया तो ऐक्टू कानूनी कार्रवाई और हड़ताल जैसे संघर्ष का रास्ता अपनाएगा.
इस दौरान यूनियन नेता रंजीत कुमार, मनीष कुमार उर्फ नीनि, सुनील कुमार, मनीष कुमार सहित अन्य लोगों ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
मजदूरों की 9 सूत्री मांगों में परिचय पत्र उपलब्ध कराना, न्यूनतम मजदूरी लागू करना, ओवरटाइम भुगतान, राष्ट्रीय व साप्ताहिक अवकाश, ईएसआई-ईपीएफ सुविधा, दूध ओवरलोडिंग पर रोक, एक रूट पर एक वितरक की बहाली तथा दुर्घटना मुआवजा जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं.
मजदूरों ने एक स्वर में कहा कि यदि उनकी मांगों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.



