BiharCrimeENTERTAINMENTGamesLife StyleNationalPatnaTechTravelWorld

ईरान पर हमले के खिलाफ संपतचक में विरोध मार्च, युद्ध रोकने की मांग

फुलवारी शरीफ,
अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए जा रहे हमलों के विरोध में गुरुवार को पटना के संपतचक प्रखंड अंतर्गत गोपालपुर मोड़ पर भाकपा (माले) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकालकर सभा आयोजित की. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए युद्ध को तत्काल रोकने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी दादागिरी बंद करो, मानवता से मत खेलो, मानवता के खिलाफ युद्ध बंद करो, अमेरिका-इजरायल मुर्दाबाद और भारत के प्रधानमंत्री होश में आओ जैसे नारे लगाए.कार्यक्रम की जानकारी भाकपा (माले) संपतचक प्रखंड कार्यालय सचिव सुरेश सिंह ने दी. नेताओं ने कहा कि यदि युद्ध नहीं रुका तो आने वाले दिनों में और बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा.
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि ईरान के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई मानवता पर सीधा हमला है. युद्ध की वजह से हजारों निर्दोष लोगों की जान खतरे में पड़ गई है. बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और बीमार लोग इस युद्ध का सबसे बड़ा शिकार बन रहे हैं. कई अस्पताल, स्कूल और रिहायशी इलाके हमलों की चपेट में आ रहे हैं, जिससे बड़ी संख्या में लोग मारे जा रहे हैं और हजारों परिवार बेघर हो गए हैं. लोगों के सामने भोजन, कपड़ा और आश्रय का गंभीर संकट खड़ा हो गया है.
नेताओं ने कहा कि इस स्थिति के लिए अमेरिका और इजरायल जिम्मेदार हैं. उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को मिलकर इस युद्ध को रोकने के लिए आगे आना चाहिए. वक्ताओं ने भारत सरकार से भी अपील की कि भारत की पहचान हमेशा विश्व में शांति, भाईचारे और संप्रभुता के संदेश देने वाले देश के रूप में रही है. इसलिए भारत को अपनी कूटनीतिक ताकत का इस्तेमाल करते हुए युद्ध रोकने की दिशा में पहल करनी चाहिए.
सभा में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री को अमेरिका के सामने झुकना नहीं चाहिए और देश की पुरानी स्वतंत्र विदेश नीति को मजबूत करते हुए शांति की पहल करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि भारत को किसी भी देश के दबाव में आने के बजाय मानवता और विश्व शांति के पक्ष में मजबूती से खड़ा होना चाहिए.
इस मौके पर भाकपा (माले) के नेता सत्यानंद कुमार, धनराज पासवान, सुधीर पासवान, जोगिंदर माझी, तपेश्वर मांझी, विजय कुमार, लालबाबू प्रसाद सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे.
अजीत कुमार की रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button