नागा बाबा की स्मृति में सेवा का संगम
फुलवारी शरीफ:परमपूज्य संत श्री नागा बाबा के पुण्य स्मृति दिवस के अवसर पर प्रेमालोक मिशन स्कूल परिसर सेवा, करुणा और मानवीय संवेदना का केंद्र बन गया, जहां सैकड़ों जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. ठंड के इस मौसम में आयोजित इस कार्यक्रम ने गरीबों, असहायों और दिव्यांगजनों के चेहरों पर राहत की मुस्कान बिखेर दी.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, दिव्यांगजन और जरूरतमंद परिवार शामिल हुए.सेवा भाव से ओतप्रोत स्वयंसेवकों ने एक-एक कर सभी लाभार्थियों को कंबल वितरित किए.ठंड से बचाव के लिए यह पहल जरूरतमंदों के लिए बड़ी राहत साबित हुई.
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक गुरुदेव श्री प्रेम ने कहा कि संत श्री नागा बाबा का संपूर्ण जीवन मानव सेवा और त्याग का प्रतीक रहा है। उनकी स्मृति में प्रेमालोक मिशन स्कूल द्वारा पूरे सप्ताह सेवा कार्यक्रम चलाए जाते हैं, जिनमें गरीबों और असहायों की मदद को प्राथमिकता दी जाती है. उन्होंने बताया कि कंबल वितरण के साथ-साथ जरूरतमंदों को गर्म कपड़े, भोज्य सामग्री उपलब्ध कराई जाती है और भंडारे का आयोजन भी किया जाता है.
गुरुदेव श्री प्रेम ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही नागा बाबा की सच्ची श्रद्धांजलि है. सेवा के इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को आपसी सहयोग, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया जाता है.
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला. आयोजकों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह के सामाजिक कार्य जारी रहेंगे, ताकि जरूरतमंदों को ठंड के मौसम में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.



