नीतीश कुमार ने कहा — बिहार के विकास का मॉडल पूरे देश में बना मिसाल,
हर क्षेत्र में हुआ ऐतिहासिक काम हुआ.
फुलवारी विधानसभा क्षेत्र के रामकृष्ण नगर स्थित शिवाजी चौक मैदान में जदयू प्रत्याशी श्याम रजक के समर्थन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की चुनावी सभा
श्याम रजक ने कहा — बिहार में जो काम हुआ है, वैसा किसी राज्य में किसी सरकार ने नहीं किया.
फुलवारी शरीफ.(अजीत) मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को फुलवारी विधानसभा क्षेत्र के रामकृष्ण नगर स्थित शिवाजी चौक मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने बिहार के सर्वांगीण विकास को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियाँ गिनाईं और लोगों से अपील की कि वे 6 नवंबर को सबसे पहले मतदान करें और जदयू उम्मीदवार श्याम रजक को भारी मतों से विजयी बनाएं. मंच पर बिहार राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष अफजल अब्बास, गुलाम गौस सहित कई जदयू नेता मौजूद रहे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि “बिहार में काम करने वाले लोग हम हैं, हमने जो कहा, वो किया.” उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में भय और अपराध का माहौल था, लेकिन हमारी सरकार बनने के बाद राज्य में अमन-चैन कायम हुआ. आज लोग देर रात तक अपने काम के लिए निकलते हैं, पहले शाम के बाद घरों से बाहर निकलना मुश्किल होता था.
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 2 लाख 58 हजार शिक्षकों की बहाली की है और वर्तमान में 5 लाख 20 हजार सरकारी शिक्षक कार्यरत हैं. स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव करते हुए 2006 से सरकारी अस्पतालों में मुफ्त दवा और इलाज की व्यवस्था शुरू की गई. पहले केवल 12 मेडिकल कॉलेज थे, अब राज्य के 27 जिलों में नए मेडिकल कॉलेज खोले जा चुके हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि “पहले की सरकारों ने बिहार को लूटने का काम किया.” उन्होंने आरोप लगाया कि 15 साल तक सत्ता में रहने वाले लोगों ने विकास के नाम पर कुछ नहीं किया, केवल परिवारवाद को बढ़ावा दिया.
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने ‘सात निश्चय योजना’ के तहत हर घर नल का जल, हर गली पक्की सड़क, हर घर बिजली जैसी योजनाएँ पूरी कीं. किसानों को सिंचाई की सुविधा, खाद, बीज और बिजली उपलब्ध कराई गई. अब सरकार टेलीमेडिसिन के जरिए दूरस्थ इलाकों के लोगों को बड़े अस्पतालों से जोड़कर बेहतर इलाज उपलब्ध करा रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 40 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार और 10 लाख से अधिक को सरकारी नौकरी दी गई है. अगले पाँच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण में बिहार देशभर में मिसाल बन चुका है. पंचायती राज और नगर निकाय संस्थाओं में महिलाओं को 50% आरक्षण और पुलिस विभाग में 35% आरक्षण दिया गया है.
उन्होंने बताया कि बिहार में अब तक एक करोड़ 21 लाख महिलाओं को ‘महिला रोजगार योजना’ के तहत सहायता राशि दी जा चुकी है और शेष को देने का काम जारी है. केंद्र सरकार से बिहार को विशेष आर्थिक सहायता भी मिली है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार का 2025 का बजट ऐतिहासिक होगा. इसमें मखाना बोर्ड, नए एयरपोर्ट, खेलो इंडिया कार्यक्रम और अन्य आधारभूत संरचनाएँ शामिल की गई हैं. पटना मेडिकल कॉलेज में 5000 से अधिक बेड का नया अस्पताल बन रहा है, वहीं आईजीआईएमएस को 3000 बेड और नालंदा मेडिकल कॉलेज को 2500 बेड का विस्तार दिया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि पटना जिले में अपराध में उल्लेखनीय कमी आई है. हर क्षेत्र में पुल, सड़क और रिंग रोड जैसी परियोजनाएँ तेजी से पूरी की जा रही हैं. अटल पथ, जेपी ग्रीन पथ, मीठापुर एलिवेटेड रोड, मरीन ड्राइव और पटना रिंग रोड जैसे प्रोजेक्ट राज्य के विकास की नई पहचान बने हैं.
नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार ने हर जिले में ‘प्रगति यात्रा’ के माध्यम से लोगों की समस्याएँ सुनीं और उनका समाधान किया. तीन बड़ी नदियों पर 11 नए पुल बनाए जा रहे हैं. उमानाथ मंदिर के पास श्मशान घाट, बिजली तारों का भूमिगतकरण और गौरीचक-पुनपुन सुरक्षा तटबंध जैसे काम पूरे किए जा रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि फुलवारी शरीफ विधानसभा में एम्स, कई धार्मिक स्थल और नए विकास कार्यों के कारण क्षेत्र की पहचान पटना के गौरव के रूप में हो रही है. उन्होंने कहा कि “श्याम रजक एक शिक्षित और योग्य उम्मीदवार हैं, उन्हें भारी मतों से विजयी बनाइए ताकि फुलवारी शरीफ और पटना जिला के विकास का क्रम और तेज़ हो.”सभा में उपस्थित नेताओं ने भी लोगों से अपील की कि 6 नवंबर को सबसे पहले मतदान करें, फिर जलपान करें.



