फुलवारी शरीफ पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, हथियार और जिंदा करतूस बरामद, चार गिरफ्ताआर
फुलवारी शरीफ.अजीत। पटना जिले के परसा बाजार थाना क्षेत्र के चकरैचा शिवनगर में शनिवार को मासूम बच्चे को लगी गोली के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से एक पिस्तौल, सात जिंदा करतूस, एक खोखा और मोबाइल बरामद किया गया है.
भाई के पिस्तौल से चली थी गोली
जांच में सामने आया है कि जिस मासूम को गोली लगी थी, वही घर में अपने चचेरे भाई के बिस्तर के नीचे छुपा पिस्तौल पाकर उसे खिलौना समझकर खेलने के लिए बाहर ले आया था. खेल-खेल में ट्रिगर दब गया और गोली चल गई. यह गोली पांच वर्षीय पृथ्वी के मुंह में जा लगी. गनीमत रही कि बच्चे की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है.
कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम
पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन पृथ्वी अपने भाई-बहनों के साथ घर के बाहर खेल रहा था. तभी किसी बच्चे के हाथ पिस्तौल चला गया और गलती से गोली चल गई, जो सीधे पृथ्वी को जा लगी. घायल बच्चे को परिजन आनन-फानन में पीएसपीएच अस्पताल ले गए थे.
पुलिस की तफ्तीश में मिला बड़ा सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों ने थानाध्यक्ष मेनका रानी को हथियार बरामद करने का जिम्मा सौंपा. पुलिस ने सबसे पहले चिरहूट इलाके से ऋषिकेश और नीतीश को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उन्होंने बताया कि वारदात के बाद पिस्तौल को रेलवे लाइन के उस पार एक पेड़ के नीचे छुपा दिया गया है. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने पिस्तौल, सात जिंदा करतूस और एक खोखा बरामद किया.
कुंआल उर्फ कल्लू निकला पिस्तौल का मालिक
आगे की पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह हथियार पृथ्वी के चचेरे भाई कुणाल उर्फ कल्लू का था. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाकर मिठापुर से कुणाल और उसके एक दोस्त को भी गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में कुणाल ने स्वीकार किया कि उसने पिस्तौल लोड कर घर में रखा था. उसी पिस्तौल को पृथ्वी खिलौना समझकर बाहर खेलने ले आया था.

एसपी सिटी पूर्वी ने दी जानकारी
सिटी एसपी पूर्वी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया था. इस टीम में थानाध्यक्ष मेनका रानी, दरोगा रौशन कुमार, राहुल कुमार, राजीव रंजन पांडेय, राजेश कुमार झा, संतोष कुमार वर्मा, धर्मेंद्र कुमार, रितु कुमार और मणिकांत पाल शामिल थे. इसी टीम ने लगातार छापेमारी कर हथियार बरामद किया और चार युवकों को गिरफ्तार किया.
इलाके में सनसनी, पुलिस सतर्क
घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है. स्थानीय लोग इस बात से सहमे हुए हैं कि बच्चों के हाथ में इस तरह घातक हथियार कैसे पहुंच गया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह पिस्तौल आरोपी कुणाल के पास कहां से आया और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं.



