BiharENTERTAINMENTLife StylePatnaTravelधार्मिक ज्ञान

भक्ति और परंपरा के संगम में उमड़ा जनसैलाब, 100 वर्षों से जीवित है मोतीलाल बांका अखाड़ा की विरासत.

फुलवारी शरीफ,पटना नगर परिषद क्षेत्र के फुलवारी शरीफ सदर बाजार में प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया. केसरिया ध्वजों से सजा पूरा इलाका ‘जय श्री राम’ के जयघोष से गूंज उठा. इस अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे शहर का माहौल भक्तिमय हो गया.
शोभायात्रा की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि भी काफी समृद्ध रही है. पूजा समिति के सक्रिय सदस्य प्रकाश कुमार ने बताया कि फुलवारी शरीफ में यह परंपरा करीब 100 वर्षों पुरानी है, जिसकी शुरुआत ब्रिटिश काल में मोतीलाल जी ने की थी. उन्होंने सबसे पहले इस क्षेत्र में रामनवमी शोभायात्रा का आयोजन कर भक्ति की परंपरा को स्थापित किया. आज यही परंपरा ‘मोतीलाल बांका अखाड़ा’ के नाम से प्रसिद्ध है, जो पीढ़ी दर पीढ़ी उसी उत्साह और श्रद्धा के साथ आगे बढ़ती आ रही है.
शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण भगवान श्री राम, माता जानकी और लक्ष्मण जी भूत बेताल राक्षस जीवंत एवं आकर्षक झांकियां रहीं, जिन्हें देखने के लिए रास्तों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. इसके साथ ही अखाड़े के कलाकारों ने पारंपरिक शस्त्रों का हैरतअंगेज प्रदर्शन कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. ढोल-नगाड़ों की गूंज, डीजे की धुन और भक्ति गीतों पर झूमते युवाओं की टोली ने पूरे माहौल को राममय बना दिया.
यह भव्य शोभायात्रा फुलवारी शरीफ के प्रमुख मार्गों—सदर बाजार, चौराहा, प्रखंड मोड़, चुनोटी कुआं, शहीद भगत सिंह चौक होते हुए उत्तरी संगत तक पहुंची. यात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया. हर गली और मोहल्ले में लोगों की भीड़ इस धार्मिक आयोजन की भव्यता को और बढ़ा रही थी. नगर परिषद अध्यक्ष आफताब अलम ने शोभा यात्रा में शामिल लोगों का गर्मजोशी से स्वागत किया . हिंदू मुस्लिम भाईचारे का अनोखा विशाल देखने को मिला.
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा. चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती रही ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो. सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए सिटी एसपी पश्चिम भानु प्रताप सिंह लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर हालात का जायजा लेते रहे. इसके अलावा बिहटा, नौबतपुर, फुलवारी शरीफ, जानीपुर और बेऊर थानों के थानाध्यक्षों के साथ फुलवारी शरीफ के एसडीपीओ-1 सुशील कुमार, एसडीपीओ-2 दीपक कुमार, दानापुर एसडीपीओ-1 शिवम धाकड़, एसडीपीओ-2 अमरेन्द्र कुमार झा, एडीएम, एसडीएम समेत सैकड़ों पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात रहे.
इस शोभायात्रा में हर वर्ग और हर आयु के लोगों की भागीदारी देखने को मिली. जहां बुजुर्गों ने अपनी परंपरा और अनुभव से मार्गदर्शन किया, वहीं युवाओं ने जोश और ऊर्जा के साथ आयोजन को सफल बनाया. महिलाएं और बच्चे भी बड़ी संख्या में शामिल होकर भक्ति में सराबोर नजर आए.
अंत में यह भव्य शोभायात्रा उत्तरी संगत पहुंचकर संपन्न हुई, जहां महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया. फुलवारी शरीफ की यह ऐतिहासिक शोभायात्रा एक बार फिर भक्ति, परंपरा और सामाजिक एकता का अद्भुत उदाहरण बनकर उभरी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button