शकुंतला पथ की बदहाल सड़क से लोग परेशान, दो माह से अधूरा पड़ा निर्माण कार्य
पटना से अजीत कुमार की रिपोर्ट
फुलवारी शरीफ, अजीत: पटना नगर निगम के वार्ड संख्या 11 अंतर्गत मित्र मंडल कॉलोनी स्थित शकुंतला पथ में अधूरी सड़क निर्माण योजना स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है. सड़क निर्माण के नाम पर गली को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार ने करीब दो माह पूर्व सड़क ढलाई से पहले नाला एवं ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए खुदाई कराई थी, लेकिन कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है. गली में जगह-जगह मिट्टी, ईंट और निर्माण सामग्री बिखरी पड़ी है. कई स्थानों पर नाले खुले हुए हैं और पाइप बिछाने के बाद भी गड्ढों को नहीं भरा गया है.
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क नहीं रहने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. मोटरसाइकिल, साइकिल और अन्य छोटे वाहन लेकर निकलना जोखिम भरा साबित हो रहा है. सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
स्थानीय लोगों ने वार्ड पार्षद बबलू के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि कई महीनों से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है. शिकायतों के बावजूद न तो ठेकेदार कार्य पूरा कर रहा है और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान दे रहा है.
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि खुले नाले, बिछे हुए पाइप और गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है. रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है.
स्थानीय निवासियों ने चिंता जताई कि यदि किसी घर में अचानक कोई बीमार पड़ जाए तो एंबुलेंस का पहुंचना भी मुश्किल हो सकता है. लोगों का कहना है कि ठेकेदार की मनमानी और लापरवाही के कारण पूरे इलाके के लोग परेशान हैं.
क्षेत्रवासियों ने पटना नगर निगम से अविलंब सड़क ढलाई का कार्य पूरा कराने, खुले नालों और गड्ढों को बंद कराने तथा आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाने की मांग की है. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे.



