BiharCrimeENTERTAINMENTLife StylePatna

कुख्यात डकैत गिरफ्तार, एक दर्जन डकैती मामलों में पुलिस को थी तलाश

फुलवारी शरीफ. परसा बाजार थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक कुख्यात डकैत को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. गिरफ्तार डकैत राजधानी पटना के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज एक दर्जन से अधिक डकैती मामलों में वांछित था और पिछले करीब दो वर्षों से फरार चल रहा था.
पुलिस के अनुसार, परसा बाजार थानाध्यक्ष मेनका रानी को सूचना मिली थी कि कुख्यात डकैत ढनढन जक्कनपुर थाना क्षेत्र में घूम रहा है. सूचना की पुष्टि होते ही थानाध्यक्ष ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उसे परसा बाजार थाना लाया गया.
थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी लगातार अपना नाम बदल-बदल कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन पुराने रिकॉर्ड और तकनीकी जांच के आधार पर उसकी असली पहचान उजागर हो गई. पहचान सामने आते ही आरोपी टूट गया, जिसके बाद उससे सख्ती के साथ पूछताछ की गई.
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार डकैत के खिलाफ फुलवारी शरीफ, बेउर, गोपालपुर, गौरीचक, अगमकुआं और परसा बाजार थाना क्षेत्रों में डकैती के करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं. परसा बाजार थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी को परसा बाजार थाना में दर्ज डकैती मामले में न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. साथ ही अन्य मामलों में पूछताछ के लिए जल्द ही रिमांड पर लिया जाएगा.
थानाध्यक्ष ने बताया कि यह कुख्यात डकैत लंबे समय से पुलिस की नजरों से बचता फिर रहा था, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई से उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अब इसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button