जेल में बंद बेटे से मिलने निकली महिला को सुनसान जगह ले जाकर पति ने चाकू से गोदा
फुलवारी शरीफ, अजीत: परसा बाजार थाना क्षेत्र में मंगलवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई. जेल में बंद बेटे से मिलने जा रही एक महिला को उसके पति ने बीच रास्ते में सुनसान स्थान पर ले जाकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले के बाद आरोपी महिला को मृत समझकर सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. पुलिस आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
घायल महिला की पहचान सावित्री देवी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार उनका मायका नौबतपुर में है, जबकि मूल ससुराल समस्तीपुर जिले में बताया जाता है. पहले पति की मौत के बाद उन्होंने अपने देवर रंजीत पासवान से शादी की थी. दोनों वर्तमान में पटना के बाजार समिति इलाके में रह रहे थे. उनका छोटा बेटा फिलहाल बेउर जेल में बंद है.
बताया जाता है कि मंगलवार को सावित्री देवी अपने पति रंजीत पासवान के साथ ऑटो से बेउर जेल बेटे से मिलने जा रही थीं. इसी दौरान परसा बाजार थाना क्षेत्र के कंकट्टी चक रोड के समीप आरोपी ने ऑटो रुकवाया और किसी बहाने पत्नी को सुनसान स्थान की ओर ले गया. वहां उसने चाकू से पेट और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. महिला के लहूलुहान होकर गिरने के बाद आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गया.
कुछ देर बाद सड़क किनारे खून से लथपथ पड़ी महिला पर राहगीरों की नजर पड़ी. लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही परसा बाजार थाना पुलिस और सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजीत कुमार मौके पर पहुंचे. पुलिस ने गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया.
सदर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजीत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया पति द्वारा चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है. घायल महिला की हालत गंभीर होने के कारण अभी उसका फर्द बयान दर्ज नहीं हो सका है. महिला के होश में आने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
परसा बाजार थानाध्यक्ष मेनका रानी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. आरोपी पति रंजीत पासवान की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पीड़िता का बयान मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



