BiharCrimeENTERTAINMENTGamesLife StylePatnaरोजगार

विवादित जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर जमीन कारोबारी छोटू को मारी गोली, चार खोखे बरामद

घर से 100 मीटर दूर अंडा खाने के दौरान बाइक सवार अपराधियों ने किया हमला,

फुलवारी शरीफ, अजीत: फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के ईसापुर पुरानी मस्जिद के पास गुरुवार की देर शाम करीब 9:15 बजे जमीन कारोबारी मोहम्मद आसिफ शाह उर्फ छोटू पर बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटना में छोटू गंभीर रूप से जख्मी हो गये. पुलिस के अनुसार उन्हें कुल तीन गोलियां लगी हैं, जबकि घटनास्थल से चार खोखे बरामद किये गये हैं. दो गोली पीठ और एक गोली कंधे के पास लगी है. गंभीर हालत में उन्हें पटना एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बतायी जा रही है.

घर से 100 मीटर दूर अंडा खाने निकले थे छोटू

स्थानीय लोगों के अनुसार ईसापुर पुरानी मस्जिद के पास मुर्गिया टोला निवासी मोहम्मद आसिफ उर्फ छोटू जमीन की खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़े हैं. गुरुवार की रात वह अपने घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे अंडा खाने पहुंचे थे. इसी दौरान बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगते ही छोटू खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े. वारदात के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गये.

Advertisement

गोलियों की आवाज से इलाके में मची अफरा-तफरी

अचानक हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग डर के मारे अपने घरों और दुकानों में छिप गये. घटना के समय बारिश भी हो रही थी. सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी को इलाज के लिए एम्स भेजा.

घटनास्थल से चार खोखे बरामद, एफएसएल ने जुटाये साक्ष्य

पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान चार खोखे बरामद किये हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाये. पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है. पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-1 नारायण उपाध्याय समेत पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया.

इस्लामिया बीएड कॉलेज के पास की जमीन को लेकर था विवाद

पुलिस के अनुसार इस्लामिया बीएड कॉलेज, गुलिस्तान मोहल्ला के पास एक जमीन है, जिस पर होम्योपैथ की दुकान भी संचालित होती है. उक्त जमीन को मोहम्मद कल्लू द्वारा खरीद लिये जाने की बात सामने आयी है. जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था. पुलिस इसी विवाद को गोलीकांड की मुख्य वजह मानकर जांच आगे बढ़ा रही है.

अन्य लोगों से भी जमीन को लेकर विवाद की जानकारी

पुलिस के अनुसार मोहम्मद आसिफ का जमीन को लेकर अन्य लोगों से भी विवाद रहा है. जांच में यह भी जानकारी मिली है कि आसिफ अपने कई साथियों के साथ विवादित जमीन की खरीद-बिक्री और कब्जे से जुड़े मामलों में सक्रिय रहता था. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

जख्मी का रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार मोहम्मद आसिफ उर्फ छोटू पूर्व में दो बार जेल जा चुका है. एक मामले में अवैध लाइसेंस वाले हथियारबंद बॉडीगार्ड रखने और दूसरे मामले में शराब से जुड़े मामले में उसके जेल जाने की जानकारी मिली है. पुलिस उसके पुराने आपराधिक मामलों और जमीन से जुड़े विवादों का भी रिकॉर्ड खंगाल रही है.

सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों की पहचान में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावर कितने थे और किस रास्ते से आये तथा वारदात के बाद किस दिशा में भागे. जख्मी के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. देर रात तक पुलिस की कार्रवाई जारी थी. घटना के बाद ईसापुर इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button