बुलडोजर राज के खिलाफ माले-खेग्रामस का प्रखंड मुख्यालय पर प्रदर्शन
बुलडोजर राज के खिलाफ माले-खेग्रामस का प्रखंड मुख्यालय पर प्रदर्शन, आवास, रोजगार और जमीन के पर्चे की उठाई मांग.
फुलवारी शरिफ, अजीत:भाकपा माले एवं अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के बैनर तले बुधवार को रानीपुर पुल से मार्च निकालकर फुलवारी प्रखंड मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शनकारियों ने बुलडोजर कार्रवाई का विरोध करते हुए गरीबों को आवास, रोजगार, जमीन का पर्चा और मजदूर कॉलोनी निर्माण सहित विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की.
प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक गोपाल रविदास, भाकपा माले के प्रखंड सचिव गुरदेव दास, जिला कमेटी सदस्य जयप्रकाश पासवान, साधु शरण प्रसाद, खेग्रामस के प्रखंड सचिव देवीलाल पासवान तथा अध्यक्ष सरीफा माझी ने किया. प्रदर्शन में अनिल कुमार, चंद्रवंशी मंटू साह, भोला चौधरी, ललीन पासवान, रंजन दास, नौलेश कुमार यादव, कामेश्वर पंडित, जनमजय समेत बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए.
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बिहार में बुलडोजर राज नहीं चलने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों को रोजगार उपलब्ध कराए, मनरेगा के तहत नियमित काम दे तथा मजदूरी बढ़ाकर 700 रुपये प्रतिदिन करे. वर्षों से बसे गरीब परिवारों को जमीन का पर्चा देने, मजदूर कॉलोनी का निर्माण कराने तथा गोनपुरा मॉडल स्कूल के स्थानांतरण पर रोक लगाने की भी मांग की गई.
प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन फुलवारी प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपा. नेताओं ने कहा कि अंचलाधिकारी के आने पर प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलकर सभी मांगों पर विस्तार से चर्चा करेगा.
भाकपा माले के प्रखंड सचिव गुरदेव दास ने बताया कि यदि सरकार गरीबों और मजदूरों की मांगों की अनदेखी करती रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.



