BiharENTERTAINMENTHEALTHLife StyleNationalPatna

एम्स पटना का द्वितीय दीक्षांत समारोह मे 27 मेधावियों को मिलेगा स्वर्ण पदक


पटना। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, पटना 6 मई को अपने संस्थान परिसर स्थित सभागार में द्वितीय दीक्षांत समारोह का आयोजन करेगा. यह समारोह संस्थान की शैक्षणिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होगा, जिसमें स्नातक हो रहे विद्यार्थियों की उपलब्धियों का गरिमामय उत्सव मनाया जाएगा.
समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन उपस्थित रहेंगे. वहीं विशिष्ट अतिथियों में केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, सांसद रवि शंकर प्रसाद एवं सांसद तारिक अनवर शामिल होंगे.
इस अवसर पर एम्स पटना के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राधा कृष्ण धीमन, कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (ब्रिगे.) डॉ. राजू अग्रवाल, अधिष्ठाता (शैक्षणिक) प्रो. (डॉ.) पूनम प्रसाद भदानी, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) ज्योति प्रकाश तथा डॉ. सिद्धार्थ दत्ता गुप्ता सहित संस्थान के संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे.
दीक्षांत समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए उपाधियां प्रदान की जाएंगी. इसमें उच्च विशेषता चिकित्सा पाठ्यक्रम के 24, स्नातकोत्तर चिकित्सा एवं दंत चिकित्सा के 75, अध्योत्तर प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के 9, एमबीबीएस वर्ष 2018 के 58, एमबीबीएस वर्ष 2019 के 50, स्नातकोत्तर नर्सिंग के 15, स्नातक नर्सिंग वर्ष 2020 के 50 एवं वर्ष 2021 के 58 विद्यार्थी शामिल हैं.
समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 27 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा. इनमें उच्च विशेषता, स्नातकोत्तर एवं नर्सिंग के 17 विद्यार्थियों को राज्यपाल द्वारा स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा, जबकि स्नातकोत्तर नर्सिंग (वर्ष 2022 एवं 2023) के 10 विद्यार्थियों को संस्थान अध्यक्ष द्वारा स्वर्ण पदक दिया जाएगा.
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ होगा. यह अवसर विद्यार्थियों के लिए नई शुरुआत का प्रतीक बनेगा, जहां वे समाज सेवा और पेशेवर उत्कृष्टता की दिशा में अपने नए सफर की शुरुआत करेंगे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button