करंट लगने से एक पशुपालक सह खटाल संचालक की मौत
घर में सबमर्सिबल मोटर पंप चलाने के दौरान करंट लगने से हुई पशुपालक की मौत, बिजली विभाग ने दी सफाई
हादसे के लिए बिजली विभाग नहीं है जिम्मेदार
फुलवारी शरीफ. पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के एफसीआई रोड में सोमवार क़ो करंट लगने से एक पशुपालक सह खटाल संचालक 29 वर्षीय विंध्याचल कुमार की मौत मामले में बिजली विभाग ने जाँच पड़ताल करके बताया है कि इसमें बिजली विभाग की कोई लापरवाही का मामला नहीं बनता है. मृतक विंध्याचल कुमार खटाल चलाने वाले सुबोध राय के पुत्र थे जो अपने आवासीय परिसर में मोटर चलाने का प्रयास कर रहे थे जहां उन्हें करंट लगा है.

घटना के संबंध में प्रारंभिक जानकारी यह सामने आई थी कि खटाल के समीप टूट कर पानी में गिरा करंट प्रवाहित तार युवक विंध्याचल कुमार की मौत का कारण बना. हालांकि, बिजली विभाग के अधिकारियों ने इस दावे को गलत बताया है.

बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता (ई ई ई) खगौल, अनिल कुमार ने स्पष्ट किया है कि यह मामला करंट प्रवाहित तार टूटने का नहीं है. उन्होंने कहा कि, “यह घटना उपभोक्ता के परिसर के अंदर हुई है, जब मृतक अपने निजी सबमर्सिबल वॉटर पंप को चलाने का कार्य कर रहा था. इसलिए यह मामला विद्युत विभाग के कार्यक्षेत्र से संबंधित नहीं है.”
मृतक के परिवार वालों ने बताया कि मंगलवार को डेड बॉडी का अंतिम संस्कार कर दिया गया. इससे पहले मृतक के डेड बॉडी का पोस्टमार्टम पटना एम्स में कराया गया है.



