होली और रमजान को लेकर फुलवारी शरीफ में कड़े सुरक्षा इंतजाम
RAF और BMP महिला बटालियन के साथ पुलिस का फ्लैग मार्च
फुलवारी शरीफ,(अजीत)
होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए फुलवारी शरीफ में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. इसी क्रम में डीएसपी-1 सुशील कुमार के नेतृत्व में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया. इस दौरान थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शहबाज आलम भी दल-बल के साथ मौजूद रहे और खुद सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते दिखे.
फ्लैग मार्च में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), बिहार पुलिस बल तथा BMP-16 की महिला पुलिस बटालियन के जवान शामिल रहे. पुलिस बल फुलवारी शरीफ थाना से निकला चुनौती कुआं, शहीद भगत सिंह चौक ईसापुर, राष्ट्रीय गंज, हारून नगर, अनीसाबाद, बालमी चौक, वाल्मि भुसौला दानापुर, बिरला कॉलोनी, सदर बाजार, टमटम पड़ाव भट्ठी मोड समेत फुलवारी शरीफ के कई संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा. जगह-जगह अधिकारियों ने रुककर हालात का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से संवाद भी किया.
डीएसपी सुशील कुमार ने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और असामाजिक तत्वों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी. थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शहबाज आलम ने लोगों से अपील की कि वे शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
प्रशासन की सक्रियता और लगातार गश्ती से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस-प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इससे आमजन में विश्वास बढ़ा है और पर्व शांति से मनाने का संदेश गया है.



