
दूसरे दिन भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मीडिया से दूर रहे
मुस्कुराते हुए कहा कि हम आपका सम्मान करते हैं
बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे सीएम
मीडियाकर्मियों से नहीं की कोई बात
पटना।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज एक बार फिर मीडिया से दूरी बनाते दिखे। दरअसल, बिरसा मुंडा की जयंती पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद नीतीश कुमार मीडिया कर्मियों की ओर बढ़े। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि हम आपका सम्मान करते हैं। हालांकि एक बार फिर से उन्होंने मीडियाकर्मियों से किसी प्रकार की बात करना मुनासिब नही समझा। वह हाथ जोड़कर अभिवादन करने के बाद वहां से बिना कोई बात किए निकल गए।

उल्लेखनीय है विधानसभा में सेफ सेक्स वाली टिप्पणी और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी से हुई बहसबाजी के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मीडिया से दूरी बना ली है।

मंगलवार को भी उन्होंने मीडियाकर्मियों को झुककर अभिवादन किया था और वहां से चले गए थे। इसके पहले भी वे मीडिया से दूरी बनाते दिखे थे। आम तौर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अक्सर मीडिया से विभिन्न मुद्दों पर खुलकर बात करते रहे हैं।

हालांकि पिछले कुछ समय से वे लगातार यह दावा करते रहे हैं कि मीडिया के एक वर्ग पर केंद्र सरकार ने कब्जा कर लिया है। इसी कारण विपक्षी दलों की खबरों को प्रमुखता से जगह नहीं मिलती। इस बीच सेफ सेक्स प्रकरण और मांझी का मुद्दा जब मीडिया में चर्चा का विषय बना तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अब खुद ही मीडिया से दूरी बना ली है