- नवीन पटनायक से मिलने के बाद हेमंत सोरेन से भी करेंगे मुलाकात
पटना। लोकसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्ष को एकजुट करने जुटे हुए हैं। यही वजह है कि अब नीतीश कुमार ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात करने जाने की तैयारी में जुटे हैं। नीतीश कुमार का 5 मई को उड़ीसा जाने की चर्चा है। हालांकि तारीख को लेकर न तो मुख्यमंत्री सचिवालय और न पार्टी के लोग ही पुष्टि कर रहे हैं। सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार ने फोन पर नवीन पटनायक से बातचीत की है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 5 मई को ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात करने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मुलाकात कर सकते हैं। इससे पहले नीतीश कुमार ने कोलकाता जा कर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उसके बाद लखनऊ जाकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। उससे पहले दिल्ली में उन्होंने तीन दलों के नेताओं से मुलाकात की थी। जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और फिर वाम दलों के नेता सीताराम येचुरी और डी. राजा से मुलाकात की थी। अब वह ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को अपने पाले में लाने का प्रयास करेंगे।

नवीन पटनायक की बात करें तो वह लंबे समय से प्रदेश की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनकी पार्टी बीजद कई दशकों से वहां सत्ता में हैं, साथ ही प्रदेश की राजनीति में नवीन पटनायक की गहरी पैठ है। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने बीजद के किले में गहरी सेंधमारी की थी। लेकिन इसके बाद भी भाजपा और बीजद के बीच कभी भी सत्ता को लेकर लड़ाई देखने को नहीं मिली। ऐसे में नीतीश कुमार के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री को अपने पक्ष में करना बाकि राज्यों की तुलना में थोड़ा मुश्किल प्रतीत होता है। जहां बाकी पार्टियां प्रधानमंत्री के विरोध में नजर आते हैं, वहीं नवीन पटनायक के प्रधानमंत्री मोदी से रिश्ते भी काफी बेहतर रहे हैं। इसके अलावा एक बड़ा फैक्टर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी हो सकती हैं। राष्ट्रपति मूल रूप से ओडिशा की हैं। पिछले साल जब उन्हें राष्ट्रपति घोषित किया गया तो नवीन पटनायक ने प्रधानमंत्री की जमकर तारीफ की थी।
विपक्षी एकता की पहल में जुटे नीतीश कुमार कोई मौका गंवाना नहीं चाहते हैं और वह हर संभव भाजपा को घेरने की रणनीति बनाने में जुटे हैं। इसी कड़ी में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने रांची में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी और कई मुद्दों पर चर्चा की। वैसे जहां-जहां नीतीश कुमार जा रहे हैं, ललन सिंह भी उनके साथ रहते हैं। फिर चाहे नीतीश का दिल्ली दौरा रहा हो, या फिर बंगाल और यूपी का दौरा। इसके साथ ही नीतीश कुमार के साथ तेजस्वी यादव भी दौरे पर साथ नजर आते हैं।