BiharENTERTAINMENTFoodsHEALTHLife StyleNationalPatnaPOLITICSरोजगार

मनेर प्रखंड कार्यालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ किसानों का हल्लाबोल, 20 सूत्री मांगों को लेकर महाधरना

रिश्वतखोरी और अधिकारियों की कार्यशैली पर उठाए सवाल, मांगें पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

मनेर। मनेर प्रखंड कार्यालय परिसर में शुक्रवार को भारतीय किसान संघ के बैनर तले किसानों ने कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ एक दिवसीय महाधरना दिया। 20 सूत्री मांगों को लेकर आयोजित इस धरने में सैकड़ों किसानों ने हिस्सा लिया और प्रखंड एवं अंचल कार्यालय समेत विभिन्न सरकारी विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

धरना की अध्यक्षता ब्रजमोहन सिंह ने की। इस दौरान किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रखंड कार्यालयों में बिना रिश्वत दिए आम लोगों का काम नहीं हो रहा है। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने से लेकर छोटे-छोटे प्रशासनिक कार्यों के लिए भी लोगों को कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ता है।

धरना को संबोधित करते हुए किसान ब्रह्मप्रकाश यादव ने कहा कि मनेर प्रखंड कार्यालय में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। आम जनता अपनी समस्याएं लेकर अधिकारियों के पास पहुंचती है, लेकिन उनकी शिकायतों पर समय रहते उचित कार्रवाई नहीं होती है।

वहीं, किसान नेता राम सुरेश सिंह ने प्रखंड में एमओ और जनवितरण प्रणाली के डीलरों की कथित मनमानी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि गरीबों को मिलने वाले राशन से संबंधित शिकायतों का भी सही तरीके से समाधान नहीं हो रहा है। सरकारी कार्यालयों की कार्यशैली से आम जनता और किसान परेशान हैं।

Advertisement

महाधरना के माध्यम से किसानों ने अपनी 20 सूत्री मांगों को जल्द पूरा करने, सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने, अधिकारियों की कार्यशैली में सुधार करने और आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने की मांग की।

किसान नेताओं ने प्रशासन और सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों की मांगों को गंभीरता से लिया जाए और व्यवस्था में सुधार किया जाए। यदि जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक किसानों का संघर्ष जारी रहेगा।

धरना में सुभाष सिंह, योगेंद्र राय, सीताराम यादव, नवल किशोर सिंह, उमेश सिंह, सुधीर सिंह, संजय सिंह समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

मनेर से आनंद मोहन कि रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button