BiharENTERTAINMENTHEALTHLife StyleNationalधार्मिक ज्ञान

मोतिहारी जेल में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल, 137 बंदी कर रहे छठ व्रत

मुस्लिम महिला रुखसाना खातून 12 वर्षों से लगातार कर रही हैं छठ पूजा, डीएम और एसपी ने जेल पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा

मोतिहारी: लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर मोतिहारी सेंट्रल जेल में आस्था, विश्वास और सामाजिक सौहार्द की अनूठी मिसाल देखने को मिल रही है। जेल में कुल 137 बंदी छठ व्रत कर रहे हैं। इनमें मुस्लिम महिला बंदी रुखसाना खातून भी शामिल हैं, जो पिछले 12 वर्षों से लगातार छठ महापर्व का व्रत करती आ रही हैं। उनकी श्रद्धा और आस्था जेल की चारदीवारी के भीतर आपसी प्रेम और धार्मिक सद्भाव का संदेश दे रही है।

छठ पर्व को लेकर पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने मोतिहारी सेंट्रल जेल पहुंचकर छठ पूजा की तैयारियों एवं बंदी व्रतियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने व्रतियों की सुविधा, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि छठ व्रत करने वाले सभी बंदियों को पूजा के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उनकी सुरक्षा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।

वहीं, एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि छठ महापर्व के दौरान चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष पुलिस गश्ती की व्यवस्था की गई है। छठ घाटों पर आतिशबाजी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

Advertisement

प्रशासन का कहना है कि छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button