कोल्ड ड्रिंक के गोदाम की आड़ में रखा था शराब का जखीरा, 1062 लीटर विदेशी शराब बरामद
पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के कुशपर ओपी अंतर्गत सोहगी मोड़ के पास पुलिस ने कोका-कोला के गोदाम में छापेमारी कर 1062 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक मकान में बने गोदाम में कार्रवाई की, जहां कोल्ड ड्रिंक के सामान की आड़ में भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई थी।
बताया गया कि मकान को किराये पर लेकर उसमें कोका-कोला और अन्य कोल्ड ड्रिंक का सामान रखा जाता था। इसी गोदाम में शराब का जखीरा छिपाकर रखा गया था। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मकान मालिक को शराब रखे जाने की जानकारी होने की बात सामने नहीं आई है।
कुशपर ओपी प्रभारी धर्मेंद्र गिरी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गोदाम से 1062 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। गोदाम में कोल्ड ड्रिंक भी रखा जाता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शराब की खेप गोदाम तक पहुंचाने वाले लोगों के साथ-साथ पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।



