BiharENTERTAINMENTGamesLife StyleNationalPatnaTravelधार्मिक ज्ञानरोजगार

सम्पतचक में दिखेगा महाकालेश्वर मंदिर का भव्य स्वरूप108 फीट ऊंचा और चौड़ा होगा दुर्गा पूजा पंडाल, 18 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा रहेगी आकर्षण का केंद्र


पटना के सम्पतचक में इस बार दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जा रहा भव्य पूजा पंडाल आकर्षित करेगा। पूजा समिति की ओर से पंडाल को करीब 108 फीट ऊंचा और 108 फीट चौड़ा बनाने की तैयारी चल रही है। पंडाल के अंदर 18 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही बाबा महाकाल का शिवलिंग और नंदी महाराज की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।
पंडाल में महाकालेश्वर मंदिर की वास्तुकला और धार्मिक स्वरूप की झलक दिखाने की तैयारी है। पूजा समिति का कहना है कि पंडाल को इस तरह तैयार किया जाएगा कि श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर जैसा धार्मिक वातावरण महसूस हो। पंडाल और मां दुर्गा की प्रतिमा को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।


57 वर्षों से हो रही दुर्गा पूजा
सम्पतचक बाजार में करीब 57 वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष पूजा के दौरान पंडाल और प्रतिमा को अलग-अलग थीम पर तैयार किया जाता है। पिछले वर्ष वृंदावन के प्रेम मंदिर की तर्ज पर पंडाल बनाया गया था। इस बार समिति ने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर को थीम के रूप में चुना है।
पूजा समिति के अनुसार इस वर्ष आयोजन को भव्य रूप देने में करीब 40 से 45 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। बाजार के दुकानदारों और आसपास के समाजसेवियों से सहयोग राशि लेकर पूजा की तैयारियां की जा रही हैं।


50 गांवों से पहुंचेंगे श्रद्धालु
सप्तमी से दशमी तक सम्पतचक में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। समिति के अनुसार आसपास के करीब 50 गांवों के अलावा पटना और अन्य क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पूजा पंडाल देखने पहुंचेंगे। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी पूजा के दौरान मगही और भोजपुरी के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।


तीन किलोमीटर में होगी आकर्षक लाइटिंग
सम्पतचक बाजार में करीब तीन किलोमीटर के क्षेत्र में आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। पंडाल और लाइटिंग का काम सतेंद्र टेंट हाउस को दिया गया है, जबकि साउंड की व्यवस्था राजगुरु टेंट हाउस संभालेगा। पंडाल की डिजाइनिंग की जिम्मेदारी पटना सिटी निवासी कलाकार इशू भाई को दी गई है।
पूजा के दौरान बाजार और आसपास के इलाके में साफ-सफाई की व्यवस्था सम्पतचक नगर परिषद के अध्यक्ष अमित कुमार और अध्यक्ष प्रतिनिधि ऋषभ राज उर्फ बंटू की ओर से कराई जाएगी। समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अन्य व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।


11वीं को निकलेगा भव्य विसर्जन जुलूस
पूजा के बाद 11वीं को मां दुर्गा की प्रतिमा का भव्य विसर्जन जुलूस निकाला जाएगा। समिति के अनुसार जुलूस में हाथी, घोड़े, ऊंट, मंडरा और झारखंड से बुलाए गए बैंड शामिल होंगे। जुलूस सम्पतचक बाजार से निकलकर अब्दुल्लाहचक होते हुए बैरिया पहुंचेगा। यहां मां दुर्गा का मिलन कराया जाएगा।
इसके बाद विसर्जन जुलूस सम्पतचक बाजार होते हुए सोहगी, फतेहपुर और गौरीचक के रास्ते पुनपुन नदी पहुंचेगा, जहां विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

Advertisement


पूजा समिति की टीम
पूजा समिति में अध्यक्ष पवन कुमार यादव, उपाध्यक्ष रामकुमार यादव, कोषाध्यक्ष प्रकाश सिंह उर्फ टेकर जी, सचिव अमलेश कुमार यादव, संचालक कुंदन कुमार, मीडिया प्रभारी मुकेश कुमार और पुजारी आशीष कुमार शामिल हैं। प्रबंधक के रूप में संती कुमार, रवि कुमार, सनी कुमार, राहुल कुमार और कुंदन कुमार जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं गुड्डू कुमार, साधु कुमार, दीपक और राकेश कुमार समेत अन्य सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button