BiharLife Styleधार्मिक ज्ञान

शहर से गांव तक शिवालयों में उमड़ी आस्था. सुबह से देर शाम तक जलाभिषेक,

सावन की पहली सोमवारी पर शिवभक्ति का महासैलाब, फुलवारी शरीफ से संपतचक तक गूंजा “हर-हर महादेव”.

महिला श्रद्धालुओं की रही सबसे अधिक भागीदारी. हर-हर शंभू और बोल बम के जयघोष से गुंजायमान हुआ पूरा इलाका.

फुलवारी शरीफ, अजीत. सावन की पहली सोमवारी पर राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ अनुमंडल सहित आसपास के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. फुलवारी शरीफ, संपतचक, परसा बाजार, जानीपुर, अनिसाबाद, पुलिस कॉलोनी, बेऊर, रामकृष्णा नगर, गौरीचक, बेलदारीचक, पुनपुन, चकमुसा, नकटी भवानी, भुसौला, वाल्मी, दानापुर, नगवां, मुरादपुर, धरहरा, चकधनकी, महवानों, सकरैचा, कुरथौल, एतवारपुर, चिलबिल्ली, बैरिया, इलाहीबाग, कन्नौजी कछुआरा, मनोहरपुर, तारणपुर, लंका कछुआरा, कनकट्टी, चक कुरकुरी, ईसापुर, राय चौक, बहादुरपुर, हिंदुनी, गोनपुरा और सीरपतपुर समेत पूरे इलाके के शिवालयों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. “हर-हर महादेव”, “हर-हर शंभू” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा.जगदेव पथ स्थित टमटम पड़ाव शिव मंदिर, बिरला कॉलोनी शिव मंदिर, पुलिस कॉलोनी शिव मंदिर, संघत पर शिव मंदिर, बीएमपी तालाब शिव मंदिर, धनौत, उपरपुरा तथा आसपास के सभी शिवालयों में भी सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही. कई मंदिरों में भजन-कीर्तन, रुद्रपाठ, हवन और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया
वहीं गौरीचक प्रखंड के चंडासी स्थित देश के सबसे बड़े और सबसे ऊंचे अर्धनारीश्वर मंदिर में सावन मास की पहली सोमवारी पर शिवभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा. सुबह से देर शाम तक हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु भगवान अर्धनारीश्वर का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक करने पहुंचते रहे. “जय बाबा भोलेनाथ”, “माता पार्वती की जय” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा. बता दें कि इस भव्य अर्धनारीश्वर मंदिर का निर्माण कार्य इसी साल में पूरा होने के बाद विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई थी. तभी से यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है और सावन सहित अन्य धार्मिक अवसरों पर लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करते हैं.

सावन को पहली सोमवारी को लेकर अहले सुबह से ही श्रद्धालु हाथों में गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा, पुष्प, अक्षत और प्रसाद लेकर अपने-अपने निकटवर्ती शिवालयों की ओर निकल पड़े. मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक किया गया. श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर बेलपत्र अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और शांति की कामना की. दिनभर मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. महिला, पुरुष, युवा, बच्चे और बुजुर्ग सभी शिवभक्ति में लीन नजर आए. विशेष रूप से महिलाओं और युवतियों की संख्या अधिक रही.लाल, पीले और केसरिया वस्त्रों में सजे श्रद्धालु “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “हर-हर शंभू” के जयघोष के साथ नाचते-गाते मंदिरों तक पहुंचे. मंदिरों में घंटों और शंखध्वनि से पूरा वातावरण शिवमय हो गया. श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सुख, समृद्धि, निरोगी जीवन और परिवार की खुशहाली की कामना की.

Advertisement

फुलवारी शरीफ थाना परिसर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही. गौरीचक थाना परिसर के समीप स्थित शिव मंदिर में भी हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया. पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलदारीचक स्थित शिव मंदिर में पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ. वहीं पटना-औरंगाबाद मुख्य मार्ग (राष्ट्रीय राजमार्ग-98) पर स्थित नकटी भवानी मंदिर में विशेष पूजा, रुद्राभिषेक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button