पटना में दिनदहाड़े 27.50 लाख की बड़ी लूट
पटना: अजीत , बिहार की राजधानी Patna में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े 27 लाख 50 हजार रुपये की बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। संपतचक से फतुहा लिंक रोड पर जोलबीघा गांव के समीप बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में सीएमएस कंपनी की कैश वैन को ओवरटेक कर रोक लिया और गार्ड व कर्मियों को हथियार के बल पर कब्जे में लेकर कैश से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार सीएमएस कंपनी की कैश वैन बड़े मॉल, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और कारोबारी संस्थानों से कैश कलेक्शन कर फतुहा की ओर जा रही थी। इसी दौरान दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने वैन को घेर लिया। बदमाशों ने हथियार लहराते हुए चालक को गाड़ी रोकने पर मजबूर किया और कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। वारदात स्थल से कुछ दूरी पर खेत में कैश बैग और झोले के पैकेट फेंके हुए मिले हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधियों ने चेहरे ढक रखे थे और पूरी घटना बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। सूचना मिलते ही बाईपास, रामकृष्ण नगर, गोपालपुर, कंकड़बाग, दीदारगंज और गौरीचक थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पूर्वी सिटी एसपी, टाउन एसपी, सेंट्रल एसपी और सीनियर एसपी समेत कई वरीय अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रूट का पता लगाने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। कैश वैन के चालक, गनमैन और कस्टोडियन से भी लगातार पूछताछ की जा रही है।
सुरक्षा में भारी लापरवाही उजागर
जांच के दौरान कैश वैन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि कैश रखने वाली तिजोरी खुली हुई थी और गाड़ी का गेट भी जर्जर हालत में था। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि इतनी बड़ी रकम लेकर चलने वाली वैन में सीसीटीवी कैमरा तक नहीं लगा था।
पुलिस के अनुसार कैश वैन सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रही थी। भारी मात्रा में नकदी लेकर एक इलाके से दूसरे इलाके में जाने से पहले स्थानीय थाना को सूचना देना जरूरी होता है, लेकिन इस मामले में पुलिस को कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। पुलिस अब सीएमएस कंपनी की भूमिका और संभावित अंदरूनी मिलीभगत के एंगल से भी जांच कर रही है।
फिलहाल तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश जारी है। राजधानी में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच इस सनसनीखेज लूट ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



