भव्य कलश यात्रा के साथ हुलास चक में श्रीमद भागवत कथा एवं लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुभारंभ
फुलवारी शरीफ,
हुलास चक में आज श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब श्रीमद भागवत कथा सह लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर भव्य कलश सह जलभरी यात्रा निकाली गई.
यह जलभरी कार्यक्रम पुनपुन नदी के राजघाट से विधि-विधान के साथ प्रारंभ किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया.
इस पावन अनुष्ठान में मुख्य यजमान के रूप में गोनपुरा पैक्स अध्यक्ष राजीव रंजन एवं उनकी धर्मपत्नी रानी कुमारी ने पूरे विधि-विधान के साथ जलभरी की शुरुआत की.
वैदिक मंत्रोच्चार, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने कलश उठाकर यात्रा में भाग लिया.
हुलास चक समेत आसपास के कई गांवों से आए सभी वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सनातन धर्म के प्रति अपनी गहरी आस्था और विश्वास का परिचय दिया.
25 अप्रैल 2026 से 01 मई 2026 तक आयोजित इस धार्मिक महायज्ञ में प्रतिदिन श्रीमद भागवत कथा का श्रवण कराया जाएगा.
प्रसिद्ध कथावाचक श्री श्री 1008 रामप्रपनाचार्य जी महाराज के श्रीमुख से होने वाली कथा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है.
आयोजकों के अनुसार कथा के माध्यम से धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का उद्देश्य है.
कथा श्रवण के उपरांत प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद स्वरूप भंडारे का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं.
पूरे आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और व्यवस्था को लेकर स्वयंसेवकों की टीम लगातार सक्रिय है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के धार्मिक आयोजन से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी भाईचारे को मजबूती मिलती है.
हुलास चक में शुरू हुआ यह महायज्ञ क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिकता का नया वातावरण बना रहा है.



