BiharENTERTAINMENTHEALTHLife StylePatnaTravelरोजगार

ईद को लेकर फुलवारी शरीफ के बाजारों में रौनक चरम पर, देर रात तक खरीदारी

फुलवारी शरीफ: रमजान के अंतिम दिनों के साथ ही ईद-उल-फितर की तैयारी तेज हो गई है. फुलवारी शरीफ और आसपास के मुस्लिम बहुल इलाकों—महत्वाना चौराहा, नया टोला, ईसापुर, खलीलपुरा, हारून नगर और अनीसाबाद—के बाजारों में इन दिनों जबरदस्त चहल-पहल देखी जा रही है. हर ओर खरीदारी को लेकर भीड़ उमड़ रही है और बाजार देर रात तक गुलजार बने हुए हैं.
ईद को लेकर कपड़ों, जूतों, इत्र, सेवइयों, मेवे और कॉस्मेटिक्स की दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिल रही है. दुकानदारों ने पहले से ही ईद के लिए नया स्टॉक मंगा लिया है, जिससे ग्राहकों को हर रेंज और डिजाइन के सामान आसानी से मिल रहे हैं. लोग अपनी क्षमता के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं और खासकर बच्चों के लिए नए कपड़े और जूते लेने में अधिक रुचि दिखा रहे हैं.
वहीं, बाजार में टेलर की दुकानों पर भी जबरदस्त भीड़ है. नए कपड़े सिलवाने के लिए लोग लगातार पहुंच रहे हैं, लेकिन पहले से भारी बुकिंग के कारण अधिकतर टेलर अब नए ऑर्डर लेने से इनकार कर रहे हैं. टेलर दिन-रात काम कर पहले के ऑर्डर समय पर पूरा करने में जुटे हैं.

Oplus_131072


ईद की तैयारी में जहां घरों की साफ-सफाई और सजावट का काम तेज हो गया है, वहीं फुलवारी शरीफ स्थित मस्जिदों को भी रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया जा रहा है. खासकर जामा मस्जिद के आसपास का इलाका रोशनी से जगमगा उठा है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.
हालांकि, ईद की तारीख को लेकर अभी भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है. चांद दिखने पर ही ईद का ऐलान होगा. यदि 19 मार्च को चांद नजर आता है तो 20 मार्च को ईद मनाई जाएगी, जबकि 20 मार्च को चांद दिखने की स्थिति में 21 मार्च को ईद-उल-फितर का पर्व मनाया जाएगा. कुल मिलाकर, बाजारों में ईद को लेकर उत्साह चरम पर है और हर गली-मोहल्ले में त्योहार की रौनक साफ नजर आ रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button