BiharENTERTAINMENTHEALTHLife StyleNationalPatnaPOLITICSरोजगार

सरस्वती बसंत पटेल अतिथिशाला का भूमि पूजन, मुख्यमंत्री ने रखी आधारशिला

सामाजिक संगठनों के सहयोग से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव : मुख्यमंत्री.

फुलवारी शरीफ:(अजीत ) फुलवारी शरीफ प्रखंड के निसरपुरा स्थित सिमरा क्षेत्र में रविवार को सामाजिक और शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया. पटेल नवजागरण न्यास, बिहार पटना द्वारा आयोजित सरस्वती बसंत पटेल अतिथिशाला के भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए और विधिवत आधारशिला रखी.

पटना डोभी बाईपास के समीप आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर अतिथिशाला निर्माण कार्य का औपचारिक शिलान्यास किया. इस अवसर पर पटेल नवजागरण न्यास से जुड़े लोगों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत करते हुए फूलों की माला पहनाई और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया.

निसरपुरा में आयोजित सरस्वती बसंत पटेल अतिथिशाला के भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आधारभूत संरचना, शिक्षा और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है. मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि अतिथिशाला का निर्माण क्षेत्र में सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति देगा और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा.

Advertisement

कार्यक्रम में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि सरकार और सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से गांव और नगरों का संतुलित विकास संभव है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग दें और योजनाओं का लाभ उठाएं.

सांसद कौशलेन्द्र कुमार, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह, विधायक वशिष्ठ सिंह, विधायक शुभानंद मुकेश तथा विधायक रूहेल रंजन समेत कुरकुरी मुखिया रवि कुमार चिलबिली मुखिया पति शत्रुघ्न पासवान, बंटी चंद्रवंशी सहित कई जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित रहे. इसके अलावा जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, सचिव डॉ चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी त्यागराजन एस एम तथा वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा भी मौजूद रहे.
मंच से वक्ताओं ने कहा कि निसरपुरा और आसपास के क्षेत्रों में सामाजिक गतिविधियों के लिए समुचित स्थान की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी. सरस्वती बसंत पटेल अतिथिशाला का निर्माण इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. इससे क्षेत्र में सामुदायिक कार्यक्रमों, शैक्षणिक आयोजनों और सामाजिक बैठकों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भागीदारी रही.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button