BiharENTERTAINMENTLife StylePatnaPOLITICSरोजगार

संपतचक प्रखंड में खुलेगा डिग्री कॉलेज


चिपुरा महादलित बस्ती में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान बड़ी घोषणाएं


डिग्री कॉलेज, पक्की सड़क और शुद्ध पेयजल समस्या के समाधान का आश्वासन


फुलवारी शरीफ. पटना के संपतचक प्रखंड अंतर्गत चिपुरा महादलित बस्ती स्थित हाई स्कूल प्रांगण में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संपतचक प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा की.
समारोह के दौरान 75 वर्षीय बुजुर्ग योगेंद्र रविदास उर्फ योगी रविदास ने झंडोत्तोलन किया. इसके बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय चिपुरा पंचायत के मुखिया सतीश कुमार सिंह ने उन्हें बताया है कि इस इलाके में अब तक कोई डिग्री कॉलेज नहीं है.
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बातचीत कर एक वर्ष के भीतर संपतचक प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम को निर्देश दिया कि भूमि उपलब्ध होते ही एक सप्ताह के भीतर कॉलेज निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाए.
उन्होंने कहा कि पहले इस इलाके में आने-जाने में भारी कठिनाइयां थीं और खराब सड़कों के कारण घंटों लग जाते थे. आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सड़क का जाल बिछ चुका है और पक्की सड़कों के निर्माण से लोग अब 15 मिनट में सचिवालय तक आना-जाना कर रहे हैं.
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि संपतचक क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की लंबे समय से चली आ रही समस्या का भी स्थायी समाधान किया जाएगा. उन्होंने कहा कि हर घर तक स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए आवश्यक योजनाओं को तेजी से लागू किया जाएगा.
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में आम जनता को उपलब्ध कराई जा रही हैं.
उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पाकिस्तान सहित सभी दुश्मन देशों का मुंह बंद कर दिया है. उन्होंने कहा कि अगर कहीं से छोटा सा पटाखा भी फोड़ा जाता है तो भारत की ओर से टॉप का गोला दागा जाता है.
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपराधियों के सफाए का अभियान चला रखा है. पुलिस को पूरी छूट दी गई है और अपराधियों के लिए बिहार में कोई जगह नहीं है.
महिलाओं के सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जीविका दीदियां सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर बकरी पालन, सिलाई और छोटे घरेलू उद्योगों के माध्यम से अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं. जिन महिलाओं को अब तक 10 हजार रुपये की सहायता राशि नहीं मिली है, वे आवेदन करें और 15 दिनों के भीतर उनके खाते में राशि पहुंच जाएगी.
उन्होंने बताया कि छोटे-मोटे उद्योग शुरू करने के लिए सरकार दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दे रही है. सरकार का लक्ष्य है कि बिहार के लोगों को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े और उन्हें अपने राज्य में ही अवसर मिलें. बंद पड़े उद्योगों को चालू किया जाएगा और बड़े पैमाने पर नए उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं.बिहार में देश के बड़े-बड़े उद्योगपतियों को बुलाया जा रहा है और वे लोग यहां उद्योग लगाने का काम करेंगे .बिहार में 126 किलोमीटर लंबा मरीन ड्राइव बनने जा रहा है जिसमें भी उद्योगपति अपना पैसा लगाएंगे. रामायण राय पटना के मरीन ड्राइव से जुड़कर गंगा के किनारे सभी जिलों में जाएगा और आगे भी उसका विस्तार किया जाएगा.
समारोह के दौरान जीविका दीदियों एवं अन्य लाभुकों के बीच राशि, चश्मा सहित विभिन्न सामग्री का वितरण भी किया गया.
इस अवसर पर जदयू विधान पार्षद सह सचेतक संजय सिंह, मसौढ़ी विधायक अरुण मांझी, चिपुरा पंचायत मुखिया सतीश कुमार सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष रंजीत कुमार टप्पू, भाजपा उपाध्यक्ष सरोज रंजन पटेल, प्रखंड प्रमुख, उपप्रमुख सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे.
उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा. मौके पर एसडीएम, डीएसपी पटना सदर-2 रंजन कुमार, पुलिस उपाधीक्षक विनय कुमार रंजन, गौरीचक थाना अध्यक्ष अमित कुमार, गोपालपुर थाना अध्यक्ष अमित कुमार सहित विभिन्न थानों के पदाधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button