BiharENTERTAINMENTHEALTHLife StylePatna

पहाड़ों की बर्फबारी से लौट सकती है कड़ाके की ठंड, कई जिलों में पारा लुढ़कने के आसार

फुलवारी शरीफ:
पटना समेत पूरे बिहार में धूप निकलने से लोगों को भले ही दिन में हल्की राहत मिली हो, लेकिन ठंड का प्रकोप अभी खत्म होने वाला नहीं है. मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि जनवरी के आखिरी सप्ताह में प्रदेश में एक बार फिर कड़ाके की ठंड लौट सकती है. पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी का सीधा असर बिहार के मौसम पर पड़ रहा है, जिससे पछुआ हवाओं के तेज होने और कनकनी बढ़ने की संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, पटना, बेगूसराय समेत राज्य के करीब 9 जिलों में धुंध छाए रहने की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में सुबह के समय कुहासा देखने को मिलेगा. दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से अस्थायी राहत जरूर मिलेगी, लेकिन पछुआ हवा के कारण ठंड का असर बना रहेगा. 21 जनवरी को 4 से 5 जिलों में घना कुहासा छाने की चेतावनी जारी की गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है.
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का मौसम शुष्क बना रहा. अधिकतम तापमान 23.3 से 29.1 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जिसमें कैमूर सबसे गर्म और बांका सबसे ठंडा रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 8.5 से 14.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे सुबह और रात में ठिठुरन बढ़ गई है. मोतिहारी में दृश्यता घटकर 300 मीटर तक दर्ज की गई, जो कोहरे की गंभीरता को दर्शाता है.
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है. इसके बाद दो दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बावजूद ठंड से पूरी राहत नहीं मिलेगी. अगले एक सप्ताह तक प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि रात और सुबह के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जाएगा.
मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले कुछ दिनों में ठंड का असर फिर तेज हो सकता है.
तापमान में लगातार गिरावट
पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार के मौसम में ठंड का असर साफ तौर पर दर्ज किया गया है. राज्य के 7 जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जबकि 14 जिलों में पारा 10 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया. भागलपुर जिले का सबौर 6.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा. वहीं नालंदा में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ये आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि ठंड से अभी राहत मिलने के आसार नहीं हैं.
21 जनवरी के बाद बदलेगा हवाओं का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 जनवरी के बाद उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी और शुष्क हवाएं तेज हो सकती हैं. पछुआ हवा के सक्रिय होते ही न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट संभव है. 21 जनवरी को राज्य के 4 से 5 जिलों में घना कुहासा छाने की चेतावनी जारी की गई है. इसके बाद अगले करीब छह दिनों तक ठंड सामान्य स्तर पर बनी रहेगी, लेकिन सुबह और रात की ठिठुरन लोगों को लगातार परेशान कर सकती है.
पटना का मौजूदा मौसम
राजधानी पटना में दिन के समय धूप निकलने से ठंड का असर कुछ कम महसूस हो रहा है, लेकिन देर रात और सुबह कुहासा छाया रह रहा है. मौसम विभाग के अनुसार पटना में न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. पछुआ हवाओं के कारण आने वाले दिनों में कनकनी और बढ़ने की संभावना जताई गई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button