BiharCrimeENTERTAINMENTLife StylePatnaरोजगार

दुकान का शटर तोड़कर 47 मोबाइल पर चोरों ने किया हाथ साफ

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात—

संपतचक बाजार में इलेक्ट्रॉनिक दुकान को बनाया निशाना

फुलवारी शरीफ. गोपालपुर थाना क्षेत्र के संपतचक बाजार में चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए जय अम्बे इलेक्ट्रॉनिक दुकान से 47 मोबाइल फोन चोरी कर लिए. घटना सोमवार तड़के करीब 4.00 बजे की बताई जा रही है, जब चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर भीतर प्रवेश किया और सभी डिब्बों से मोबाइल निकाल लिए. चोर चार्जर और खाली डिब्बे छोड़कर फरार हो गए.
दुकान संचालक सोनू त्रिपाठी के अनुसार चोरी गए मोबाइलों की कीमत स्थानीय बाजार में करीब 10 से 15 लाख रुपये के बीच आंकी जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में दो युवक बेहद सलीके से मोबाइल निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिससे यह किसी संगठित गिरोह की करतूत मानी जा रही है.
सूचना पर गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई. थानाध्यक्ष ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई जा रही है.
मौके पर एएसआई विजय कुमार गिरी भी उपस्थित रहे और साक्ष्य संकलन किया. पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, वहीं दुकान मालिक और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. संपतचक नगर परिषद अध्यक्ष अमित कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर चोरी की घटना की निंदा की और शीघ्र खुलासे की मांग की.
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि चोरी गए मोबाइलों के संबंध में कोई भी जानकारी या संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत थाने को सूचित करें. व्यापारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, शटर की मजबूती जांचने और अलार्म सिस्टम दुरुस्त रखने की सलाह भी दी गई है. पुलिस का कहना है कि मामले में जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button