खबर का असर
अंडरपास की सफाई में आई तेजी, अखबार में खबर छपते ही जागे नगर निगम और जनप्रतिनिधि
देर शाम तक दोनों लेन खोल दिए गए, स्थानीय लोगों ने अखबार का आभार जताया
फुलवारी शरीफ. पटना बाइपास स्थित रामकृष्ण नगर के राम लखन पथ के सामने बने अंडरपास में लंबे समय से भरे गंदे पानी और कचरे की समस्या अखबार में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद आखिरकार नगर निगम और जनप्रतिनिधियों की नींद टूट गई. सोमवार दोपहर खबर प्रकाशित होने के कुछ ही घंटों बाद नगर निगम की सफाई टीम मौके पर पहुंची और अंडरपास की दोनों लेनों से कचरा और जमा गंदा पानी हटाने का कार्य शुरू कर दिया.स्थानीय लोगों ने नगर निगम से यह भी अपील की है कि सिर्फ सफाई ही नहीं, बल्कि स्थायी समाधान के लिए जलनिकासी प्रणाली को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में अंडरपास फिर से पानी और कचरे का अड्डा न बने.

स्थानीय लोगों ने बताया कि महीनों से अंडरपास की एक लेन पूरी तरह गंदगी और नल के रिसाव वाले पानी में डूबा था, जिससे एक लेन बंद हो गई थी और दूसरी लेन पर भारी दबाव के कारण रोजाना जाम की स्थिति बन रही थी. राहगीरों का चलना मुश्किल था और कई दोपहिया चालक फिसलकर घायल भी हो चुके थे.
अखबार में समस्या उठाए जाने के बाद नगर निगम सक्रिय हुआ. दोपहर बाद सफाईकर्मियों की टीम ने मोटर पंप लगाकर गंदा पानी निकाला, रास्ते पर जमे कीचड़ को साफ किया और कूड़े–कचरे को ट्रकों से उठवाया. देर शाम तक अंडरपास की दोनों लेन पूरी तरह साफ कर आवागमन बहाल कर दिया गया.
राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली और अखबार को धन्यवाद दिया. लोगों ने कहा कि “जन समस्याओं को केवल अखबार ही मजबूती से उठाता है, तभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की नींद खुलती है. अगर खबर नहीं छपती, तो यह अंडरपास महीनों इसी तरह परेशान करता रहता.”



