बच्चों ने किया अनोखा मतदाता जागरूकता अभियान, पोस्टर और पेंटिंग के जरिए दिया संदेश
“पहले मतदान, फिर जलपान.”
फुलवारी शरीफ.अजीत: आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक विद्यालय प्रखंड कॉलोनी के छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को एक अनोखे और रचनात्मक तरीके से मतदाता जागरूकता अभियान चलाया. बच्चों ने हाथों में पोस्टर और स्लोगन लेकर लोगों से मतदान के प्रति जागरूक होने की अपील की. रंग-बिरंगी पेंटिंग्स और आकर्षक नारों के माध्यम से बच्चों ने बताया कि हर वोट लोकतंत्र को मजबूत करता है.इस अभियान का नेतृत्व विद्यालय की शिक्षिका नीतू शाही ने किया. उन्होंने बच्चों को समझाया कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि भविष्य निर्माण की जिम्मेदारी भी है. उन्होंने बच्चों से कहा कि वे घर-घर जाकर अपने अभिभावकों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों को मतदान के लिए प्रेरित करें.
नीतू शाही ने कहा — “बच्चे देश का भविष्य हैं. अगर वे आज से लोकतंत्र की ताकत को समझेंगे, तो कल एक जागरूक और मजबूत समाज बन पाएगा.” बच्चों ने भी एक स्वर में नारा लगाया — “मेरा वोट, मेरा भविष्य.”
कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों ने संकल्प लिया कि वे बड़े होकर मतदान करेंगे और दूसरों को भी वोट के लिए प्रेरित करेंगे.
बच्चों द्वारा लिखे गए प्रमुख नारे —
- “मेरा वोट, मेरा अधिकार.”
- “छोड़ो अपने सारे काम, पहले चलो करें मतदान.”
- “हर वोट कीमती है, वोट देना सबसे जरूरी है.”
- “जागरूक मतदाता, मजबूत लोकतंत्र.”
- “वोट करो वफादारी से, चयन करो समझदारी से.”
- “जो सच्चा और ईमानदार, वही है वोट का हकदार.”
- “पहले मतदान, फिर जलपान.”



