BiharCrimeENTERTAINMENTHEALTHLife StyleNationalPatna

बिहटा–सरमेरा फोरलेन पर स्कॉर्पियो और कंटेनर में भीषण टक्कर, कंटेनर चालक की मौत, कई घायल

फुलवारी शरीफ। गौरिचक थाना क्षेत्र के बिहटा–सरमेरा फोरलेन पर सैदनपुर मसाढ़ी के पास शुक्रवार की सुबह लगभग चार बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और पार्सल कंटेनर में जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में कंटेनर चालक प्रमोद कुमार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि स्कॉर्पियो में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक प्रमोद कुमार सम्पत चक के बैरिया गांव के रहने वाले बताए जाते हैं.

घायल स्कॉर्पियो सवारों में कुसुम देवी पति संजय सिंह, पूनम देवी पति धनंजय सिंह, माही कुमारी, मोहित कुमार पिता संजय सिंह और गुलशन कुमार पिता धनंजय सिंह शामिल हैं. सभी लोग फतुहा थाना क्षेत्र के नरमा गांव के रहने वाले हैं जो दीपावली पूजा संपन्न कर पटना के भूतनाथ से अपने गांव लौट रहे थे. सभी का इलाज पटना के साईं हॉस्पिटल में चल रहा है. स्कॉर्पियो चालक आयुष कुमार (28 वर्ष) कुम्हरार निवासी बताया गया है जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसकी मौत की भी सूचना मिल रही है. हालांकि के स्कार्पियो चालक की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है.

हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो और कंटेनर दोनों के परखच्चे उड़ गए. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए. देखते ही देखते वहां भारी भीड़ लग गई. मृतक प्रमोद कुमार के परिजन और बरिया गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए. शव देखकर परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे. घटना की जानकारी मिलते ही गौरिचक थाना पुलिस दल-बल के साथ पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

Oplus_131072

Advertisement

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर घंटों जाम लगाया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. उनका कहना था कि इस सड़क पर आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार वाहन दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की गश्ती नहीं के बराबर होती है.

करीब दो घंटे बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया-बुझाया और जाम हटवाया. फिलहाल सड़क पर आवागमन सामान्य हो गया है, लेकिन ग्रामीणों में अब भी आक्रोश व्याप्त है. पुलिस ने कहा कि यह मामला सड़क दुर्घटना का है, हालांकि परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button