BiharCrimeLife StylePatnaTravel

परसा बाजार थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा, कार में सवार पांच कारोबारी की मौत

फुलवारी शरीफ. पटना के परसा बाजार थाना क्षेत्र में बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे में पांच कारोबारियों की मौत हो गई. सभी कारोबारी कृषि और कीटनाशक दवा से जुड़े व्यवसाय से जुड़े हुए थे. बुधवार की रात करीब 1 बजे उनकी कार महोली फ्लाईओवर के नीचे आगे जा रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी. हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह ट्रक के अंदर समा गई.

Oplus_131072

मृतकों की पहचान

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से गैस कटर से कार काटकर शवों को बाहर निकाला गया. सभी की पहचान हो चुकी है. मृतकों में शामिल हैं–

राजेश कुमार (50 वर्ष), निवासी गोपालपुर

Advertisement

संजय कुमार (38 वर्ष), निवासी गोपालपुर

कमल किशोर (38 वर्ष), निवासी पटना सिपारा

प्रकाश चौरसिया (35 वर्ष), निवासी पटना

सुनील कुमार (30 वर्ष), निवासी मुजफ्फरपुर

पहचान होते ही कोहराम

जैसे ही अस्पताल में शवों की पहचान हुई, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. राजेश कुमार के बड़े भाई ने कहा कि वह हर दिन की तरह फतुहा से कारोबार निपटाकर पटना लौट रहे थे. उन्हें कभी सोचा भी नहीं था कि इस तरह की खबर सुनने को मिलेगी. मृतक संजय कुमार के पिता अपने बेटे का शव देख बिलख पड़े. कमल किशोर और प्रकाश चौरसिया के परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बेसुध होकर बैठ गए. सुनील कुमार के रिश्तेदार रोते-बिलखते बार-बार यही कह रहे थे कि अभी तो उम्र ही क्या थी, पूरा परिवार उन पर ही निर्भर था.

Oplus_131072

हादसे के बाद गांव और मोहल्लों में मातम

घटना की सूचना मिलते ही देर रात से ही परिजनों और ग्रामीणों का जुटना शुरू हो गया. सुबह-सुबह कुर्जी, पटेल नगर और मिथुन चक्रवर्ती नगर इलाके में उनके घरों के बाहर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. महिलाएं लगातार रोती-बिलखती रहीं, मोहल्ले के लोग उन्हें ढांढस बंधाने की कोशिश करते रहे. कोई अखबार से घटना की जानकारी पाकर भागा-भागा उनके घर पहुंचा तो किसी को फोन से हादसे की खबर मिली और वह बेसुध होकर घर से बाहर निकल पड़ा.

पुलिस की कार्रवाई

Oplus_131072

परसा बाजार थाना प्रभारी मेनका रानी ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि सभी कारोबारी कार में ही दबकर मर गए थे. शवों को निकालने में पुलिस को ग्रामीणों की काफी मदद मिली. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे. पुलिस जांच कर रही है कि कार कौन चला रहा था और हादसा कैसे हुआ.

थाना अध्यक्ष मेनका रानी ने बताया कि हादसा रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच हुआ. ट्रक मसौढ़ी से पटना की ओर आ रहा था और पीछे से तेज गति से आ रही ग्रैंड विटारा अचानक ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गया.सभी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. शव गाड़ी में बुरी तरह से फंसे हुए थे. पुलिस और स्थानीय लोग काफी देर तक शव निकालने की कोशिश करते रहे लेकिन कार इतनी बुरी तरह फंस चुकी थी कि गैस कटर और जेसीबी की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला गया.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. कार पूरी तरह पिचक चुकी थी और पांचों शव क्षत-विक्षत अवस्था में ट्रक के नीचे दबे हुए थे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button