दहेज के लिए एक विवाहित महिला की पीट-पीटकर कर दी गई हत्या
पालीगंज। पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत दुल्हीनबाजार थाना क्षेत्र के पनसारी गांव में दहेज के लिए एक विवाहित महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका 3 साल का बेटा भी घटना के बाद से लापता बताया जा रहा है। मृतका अशोक यादव की पत्नी एवं जहानाबाद जिले के निवासी अजय यादव की 26 वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी के रूप में हुई है।

प्रीति कुमारी कि शादी 2020 में हिंदू रीति-रिवाज के साथ दुल्हीनबाजार थाना क्षेत्र के पनसारी गांव निवासी अशोक यादव से हुई थी। प्रीति के पिता अजय यादव ने बताया कि शादी के कुछ माह बाद से ही अशोक यादव और उसके परिजन लगातार दहेज में रुपये और बाइक की मांग कर रहे थे तथा उनकी बेटी को कई बार प्रताड़ित और मारा-पीटा करते थे।

शुक्रवार को जब गांव के लोगों से बेटी की मौत की सूचना मिली, तो उन्होंने पहले थाने में सूचना दी और फिर पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जहां कमरे में उनकी बेटी का शव पड़ा था। घटना को अंजाम देने के बाद मृतक का पति अशोक यादव समेत सभी ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो चुके थे। वही मृतक के 3 साल का मासूम बेटा भी गायब है, जिससे परिवार वालों की चिंता और बढ़ गई है।

मौके पर पहुंची दुल्हीनबाजार थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा एफएसएल टीम को भी सूचना दी गई है। थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि मृतका के पिता अजय यादव के आवेदन पर पति अशोक यादव समेत ससुराल पक्ष के सभी सदस्यों के खिलाफ दहेज हत्या और अपहरण की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस छापेमारी कर आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है।
दुल्हिनबाजार से अवनीश कुमार कि रिपोर्ट



