हथियार की खरीद-बिक्री करते दो गिरफ्तार, घर से पिस्टल और पांच कारतूस बराम
फुलवारी शरीफ थाना पुलिस ने अल्वा कॉलोनी पुल के पास अवैध हथियार की खरीद-बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पुरानी इमारत शरीया निवासी मो. मेराज उर्फ मुन्ना और लाल मियां की दरगाह नहर निवासी मो. फहीम के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त की शाम सूचना मिली थी कि अल्वा कॉलोनी पुल के पास दो युवक अवैध हथियार खरीदने को लेकर बातचीत कर रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की. पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया.
पूछताछ में दोनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने फहीम के लाल मियां की दरगाह नहर स्थित घर पर छापेमारी की. वहां से एक देशी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए.
पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि बरामद हथियार मुर्गियाचक निवासी मो. फिरोज से खरीदा गया था. दोनों ने यह भी बताया कि वे तीन लोग मिलकर हथियार की खरीद-बिक्री करते हैं. पुलिस अब तीसरे आरोपित मो. फिरोज की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार मेराज उर्फ मुन्ना का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ फुलवारी शरीफ, गांधी मैदान और दानापुर थाने में कई मामले दर्ज हैं. इनमें फुलवारी शरीफ थाना के तीन, गांधी मैदान थाना का एक और दानापुर थाना का एक मामला शामिल है. पुलिस उसके अन्य आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटा रही है.
इस मामले में फुलवारी शरीफ थाना कांड संख्या 1415/26, दिनांक 17 अगस्त 2026 को आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है.
छापेमारी दल में फुलवारी शरीफ थानाध्यक्ष गुलाम शहबाज आलम, पुलिस अवर निरीक्षक नीरज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विनय कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
अजीत कि रिपोर्ट



