एक सप्ताह बाद भी महिला पर हमले के आरोपित गिरफ्तार नहीं, पुलिस की कार्रवाई पर सवाल
फुलवारी शरीफ, अजीत। मिल्लत कॉलोनी सेक्टर-दो में मकान निर्माण को लेकर हुए विवाद में महिला की पिटाई के मामले में घटना के एक सप्ताह बाद भी नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार में आक्रोश है। नौ अगस्त को हुई घटना में 37 वर्षीय अलीना फातिमा गंभीर रूप से घायल हुई थीं और उनका इलाज पटना एम्स में चल रहा है।
परिजनों के अनुसार, घटना के दौरान कुछ लोगों ने अलीना फातिमा के साथ लात-घूंसों, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से मारपीट की। आरोप है कि बगाहत अली ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के दौरान महिला का बेटा मौके पर मौजूद था और मदद के लिए लोगों से गुहार लगाता रहा।
घटना के बाद घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया। मामले में फुलवारी शरीफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि मकान निर्माण को लेकर विवाद में अलीना फातिमा के साथ पहले भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। परिजनों का कहना है कि पूर्व की घटनाओं के बाद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आरोपितों का मनोबल बढ़ा और नौ अगस्त को फिर हमला किया गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद एक सप्ताह से आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं। इससे परिवार को सुरक्षा को लेकर चिंता है। परिवार ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी, सुरक्षा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपितों की भूमिका की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, अब तक गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर पीड़ित परिवार पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहा है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। वहीं, आरोपित पक्ष पर लगाए गए प्रभाव या मिलीभगत के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।



